Umpire Hit by Ball: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में क्रिकेट का रोमांच उस वक्त चिंता में बदल गया, जब बल्लेबाज का तेज स्ट्रेट ड्राइव सीधे ऑन-फील्ड अंपायर को जा लगा. गेंद इतनी तेजी से अंपायर के चेहरे पर लगी कि वह मैदान पर ही गिर पड़े. घटना के तुरंत बाद मेडिकल टीम को बुलाया गया और अंपायर धर्मेश भारद्वाज को अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां उन्हें ICU में भर्ती कराया गया. यह घटना अरुण जेटली स्टेडियम में ईस्ट दिल्ली राइडर्स और न्यू दिल्ली टाइगर्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान हुई.
18वें ओवर में हुआ हादसा
न्यू दिल्ली टाइगर्स की टीम 193 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी. पारी के 18वें ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर आशीष मीणा ने गेंद डाली. बल्लेबाज लक्ष्य थरेजा ने गेंद को देखते ही जोरदार स्ट्रेट ड्राइव खेल दिया. शॉट इतनी तेज रफ्तार से गेंदबाज की ओर गया कि आशीष मीणा के पास उसे रोकने का लगभग कोई मौका नहीं था. गेंद सीधे अंपायर धर्मेश भारद्वाज के चेहरे के दाहिने हिस्से पर जा लगी. अचानक हुए इस हादसे से मैदान पर मौजूद खिलाड़ी भी घबरा गए. गेंद लगते ही भारद्वाज मैदान पर गिर पड़े. खिलाड़ियों ने तुरंत उनकी तरफ दौड़ लगाई और मेडिकल टीम को बुलाया गया. शॉट खेलने वाले लक्ष्य थरेजा भी इस घटना से काफी परेशान नजर आए.
Also Read: ऋषभ पंत ने तोड़ा एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने
DPL में दूसरी बार चोटिल हुए धर्मेश
धर्मेश भारद्वाज के लिए इस सीजन में यह दूसरी ऐसी घटना है. इससे पहले भी दिल्ली प्रीमियर लीग के एक मुकाबले में बल्लेबाज का सीधा शॉट उनके कंधे पर जा लगा था. उस घटना के बाद अब एक बार फिर वह बल्लेबाज के शॉट की चपेट में आए हैं. हालांकि इस बार गेंद चेहरे के पास लगी, जिसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल ले जाया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उनके स्वास्थ्य को लेकर विस्तृत अपडेट का इंतजार है.
36 रन से जीता ईस्ट दिल्ली राइडर्स
हादसे के बीच मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को 36 रन से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 192 रन बनाए. मयंक रावत ने 23 गेंदों पर 40 रन की तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई. 193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की टीम 19.2 ओवर में 156 रन पर ऑलआउट हो गई. ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से आशीष मीणा और मयंक यादव ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि दीपक पुनिया ने दो और कप्तान सिमरजीत सिंह ने एक विकेट हासिल किया.
