कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का अभियान शुरू होने से पहले डोपिंग मामलों ने मुश्किलें बढ़ा दी है. क्वालीफिकेशन अवधि के दौरान कई डोपिंग रोधी नियम उल्लंघनों (एडीआरवी) के कारण भारत का वेटलिफ्टिंग कोटा 16 से घटाकर 11 कर दिया गया है. इसके साथ ही वेटलिफ्टर दिलबाग सिंह भी भारतीय टीम से बाहर हो गए हैं.
भारतीय वेटलिफ्टिंग महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) ने ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू की अगुआई में 12 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी. हालांकि, पीठ की चोट से जूझ रहे दिलबाग सिंह बर्मिंघम में आयोजित तैयारी शिविर के दौरान अभ्यास नहीं कर सके. उनकी फिटनेस को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम से बाहर रखने का फैसला किया.
अरुण कुमार भी हुए प्रतियोगिता से बाहर
इधर, भारतीय दल को एक और झटका तब लगा जब जूडो खिलाड़ी अरुण कुमार प्रतियोगिता से बाहर हो गए. 73 किलोग्राम वर्ग में खेलने वाले अरुण प्रतियोगिता के इतर कराए गए डोप परीक्षण में एनाबोलिक स्टेरॉयड के लिए पॉजिटिव पाए गए. राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. भारतीय जूडो महासंघ ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि इसके बाद उन्हें राष्ट्रमंडल खेलों की टीम से हटा दिया गया.
भारत को ग्लास्गो खेलों में भारोत्तोलन और जूडो दोनों स्पर्धाओं से पदकों की उम्मीद थी, लेकिन डोपिंग मामलों और टीम में बदलाव ने अभियान शुरू होने से पहले ही भारतीय दल की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
लवलीना का पदक पक्का
पूर्व विश्व चैंपियन लवलीना बोरगोहेन ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए शानदार शुरुआत की है. 75 किग्रा वर्ग के ड्रॉ में केवल पांच मुक्केबाज होने के कारण उन्हें पहले दौर में बाय मिला और वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं. इसके साथ ही उनका कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया है, लेकिन भारतीय स्टार मुक्केबाज का लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है. शुक्रवार से शुरू हो रही मुक्केबाजी स्पर्धा में भारत को लवलीना समेत अपने मुक्केबाजों से कई पदकों की उम्मीद है.
लॉन बॉल्स में भारत की जीत के साथ शुरुआत
रूपा रानी तिर्की (लीड) और पिंकी (स्किप) की भारतीय जोड़ी ने ग्रुप-बी के पहले मुकाबले में माल्टा को रोमांचक टाई-ब्रेक में हराया. भारत ने पहला सेट 7-1 से अपने नाम किया, लेकिन दूसरे सेट में माल्टा की रेबेका लूसी रिक्सन और कोनी ले रिक्सन की जोड़ी ने 4-3 से जीत दर्ज कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया. इसके बाद टाई-ब्रेक में फैसला हुआ, जहां शुरुआती पिछड़ने के बावजूद पिंकी ने अपनी आखिरी बॉल पर शानदार शॉट खेलकर भारत को जीत दिलाई.
ये भी पढ़ें: CWG 2026: बिना एक भी पंच लगाए भारत को मिला पहला मेडल, लवलीना बोरगोहेन ने रचा इतिहास
