'कम बिक्री मंजूर है…', टेस्ट क्रिकेट में लौटने के सवाल पर कोहली का जवाब सुन छूट गई सबकी हंसी

भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने साफ कर दिया है कि उनका टेस्ट क्रिकेट में लौटने का कोई इरादा नहीं है. वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने हंसते हुए ऐसा जवाब दिया, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया.

Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि वह टेस्ट क्रिकेट में वापसी नहीं करने वाले हैं. एक कार्यक्रम के दौरान जब उनसे मजाक में टेस्ट क्रिकेट में लौटने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने अपने अंदाज में ऐसा जवाब दिया, जिसने सभी को हंसा दिया.

टेस्ट क्रिकेट में वापसी को लेकर कोहली ने क्या कहा?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में वापसी की सभी अटकलों को खारिज कर दिया है. रविवार को ‘वन8 ग्लोबल’ के एक कार्यक्रम में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपने नए लॉन्च किए गए जूतों की बिक्री बढ़ाने के लिए फिर से सफेद जर्सी में मैदान पर उतरना चाहेंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि मैं कम बिक्री होना पसंद करूंगा. मैं इससे (टेस्ट क्रिकेट से) आगे बढ़ चुका हूं. कोहली के इस जवाब के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे. उनके बयान ने साफ कर दिया कि वह टेस्ट क्रिकेट में वापसी की कोई योजना नहीं बना रहे हैं.

टेस्ट करियर से जुड़ा है जूतों का खास कनेक्शन

दिलचस्प बात यह है कि कोहली के नए लाल रंग के जूते उनके टेस्ट करियर से प्रेरित हैं. इन जूतों की कीमत भी उनके टेस्ट करियर में बनाए गए 9,230 रनों के आंकड़े से जुड़ी हुई है. कोहली ने अपने टेस्ट करियर में 123 मैच खेलते हुए 9,230 रन बनाए थे और खुद को भारत के महानतम टेस्ट बल्लेबाजों में शामिल किया.

कभी हार नहीं मानने वाले रवैये पर कोहली ने क्या कहा?

कार्यक्रम के दौरान कोहली ने अपने करियर के ‘कभी हार नहीं मानने’ वाले रवैये पर भी खुलकर बात की. उन्होंने 2022 टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में खेली गई अपनी यादगार पारी को याद करते हुए कहा कि उन्हें कभी नहीं लगा कि भारत वह मैच हार जाएगा.

‘1 प्रतिशत मौका भी काफी होता है’

कोहली ने कहा कि मुझे ऐसी परिस्थितियां पसंद हैं जब लोगों को लगता है कि मैच खत्म हो चुका है और फिर आप किसी तरह उसे अपनी तरफ मोड़ देते हैं. मैंने कभी यह नहीं माना कि हम मैच हार चुके हैं. उन्होंने आगे कहा कि मुझे बाद में बताया गया था कि उस समय हमारी जीत की संभावना सिर्फ तीन प्रतिशत थी. लेकिन मेरे लिए एक प्रतिशत मौका भी काफी होता है. जब तक मैच वास्तव में खत्म नहीं हो जाता, तब तक कुछ भी संभव है.

18 साल का कोहली आज के विराट को देखकर हैरान होता

अपने व्यक्तित्व में आए बदलाव पर बात करते हुए कोहली ने कहा कि युवा उम्र वाला विराट शायद आज के शांत और संतुलित कोहली को देखकर हैरान हो जाता. उन्होंने कहा कि 18 साल की उम्र वाला विराट शायद सोच भी नहीं सकता था कि मैं इतना शांत हो जाऊंगा. उसे लगता होगा कि मैं हमेशा उतना ही उग्र और जोशीला रहूंगा.”

अपने सफर पर गर्व करते हैं कोहली

कोहली ने कहा कि आज वह अपने सफर और उपलब्धियों पर गर्व महसूस करते हैं. उनके अनुसार, उन्होंने हमेशा अपने विजन और दिल की बात पर भरोसा किया और उसी रास्ते पर चलते रहे. हालांकि टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब वह सिर्फ सीमित ओवरों के क्रिकेट में नजर आते हैं, लेकिन उनके बयान से साफ है कि भारतीय क्रिकेट के इस सुपरस्टार ने अपने टेस्ट अध्याय को पूरी तरह पीछे छोड़ दिया है.

यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने तोड़ा सहवाग का रिकॉर्ड, इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कारनामा करने वाले पहले भारतीय बने

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ujjawal Sinha

उज्ज्वल कुमार सिन्हा | स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट उज्ज्वल कुमार सिन्हा एक खेल पत्रकार हैं, जिन्हें खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह प्रभात खबर में स्पोर्ट्स सेक्शन को लीड कर रहे हैं, जहां वे विभिन्न खेलों से संबंधित खबरों की योजना, संपादन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं. अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल और अन्य प्रमुख खेलों से जुड़ी खबरों, विश्लेषणों और विशेष रिपोर्टों पर व्यापक रूप से कार्य किया है. डेस्क पत्रकारिता में उनकी विशेष विशेषज्ञता रही है, जहां उन्होंने एक्सक्लूसिव कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और गहन खेल विश्लेषण पर लगातार काम किया है. उज्ज्वल ने प्रो कबड्डी लीग और रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों को कवर किया है. इससे उन्हें पेशेवर खेलों की कार्यप्रणाली, खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल इकोसिस्टम की गहरी समझ विकसित करने का अवसर मिला है. प्रभात खबर से पहले वह नवभारत, CricTracker, जनसत्ता, स्पोर्ट्स तक और एपीएन न्यूज जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं. विभिन्न राष्ट्रीय और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काम करने का अनुभव उन्हें खेल पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और दर्शकों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करता है. शैक्षणिक रूप से उन्होंने सेंट जेवियर्स यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में स्नातक तथा सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार से जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है. पत्रकारिता के अलावा उनका खेल से व्यक्तिगत जुड़ाव भी रहा है. वह क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं और बिहार के स्टेट कैंप में हिस्सा ले चुके हैं. मैदान पर खिलाड़ी के रूप में मिले अनुभव के कारण उनके लेखन और विश्लेषण में खेल की तकनीकी एवं व्यावहारिक समझ की स्पष्ट झलक दिखाई देती है. विशेष रुचि: क्रिकेट, कबड्डी, घरेलू खेल, खेल विश्लेषण, खिलाड़ी प्रोफाइल और एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स स्टोरीज.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >