Vijay Hazare Trophy: भारत का सबसे बडा घरेलू वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 (Vijay Hazare Trophy 2025-26) की शुरुआत 24 दिसंबर से होने जा रही है. इस सीजन को खास बनाने वाली बात यह है कि टीम इंडिया के कई स्टार खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेते नजर आएंगे. रोहित शर्मा (Rohit Sharma) मुंबई की तरफ से जबकि विराट कोहली (Virat Kohli) दिल्ली के लिए खेल सकते हैं. टूर्नामेंट में कुल 119 मुकाबले खेले जाएंगे जो देश के अलग अलग न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित होंगे. फैंस के लिए सबसे बडा सवाल यह है कि इन मुकाबलों को लाइव कहां और कैसे देखा जा सकता है. आइए जानते हैं इससे जुडी हर अहम जानकारी.
24 दिसंबर से होगी टूर्नामेंट की शुरुआत
विजय हजारे ट्रॉफी 2025 26 का आगाज बुधवार 24 दिसंबर से होगा. ओपनिंग डे पर दिल्ली का सामना आंध्र प्रदेश से होगा. यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं मुंबई की टीम उसी दिन सिक्किम के खिलाफ मैदान में उतरेगी. यह मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 18 जनवरी को खेला जाएगा. सभी मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे से शुरू होंगे जबकि टॉस सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर होगा.
स्टार खिलाड़ियों से सजी रहेगी घरेलू लीग
इस बार विजय हजारे ट्रॉफी पर फैंस की नजर इसलिए भी रहेगी क्योंकि कई अंतर्राष्ट्रीय सितारे इसमें खेलते दिखाई देंगे. रोहित शर्मा शुरुआती मैचों में मुंबई के लिए उपलब्ध रहेंगे. वहीं विराट कोहली दिल्ली टीम को मजबूती देते नजर आ सकते हैं. इसके अलावा कई युवा खिलाड़ी भी इस टूर्नामेंट के जरिये राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने की कोशिश करेंगे. घरेलू वनडे फॉर्मेट में यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बडा मंच माना जाता है.
टीवी पर कहां देखें विजय हजारे ट्रॉफी
अगर आप विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले टीवी पर देखना चाहते हैं तो इसके लिए स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) उपलब्ध रहेगा. हालांकि टूर्नामेंट के सभी 119 मैचों का सीधा प्रसारण नहीं किया जाएगा. स्टार स्पोर्ट्स अपने अलग अलग चैनलों पर चुनिंदा मुकाबलों का लाइव टेलीकास्ट करेगा. खासतौर पर बड़े टीमों और नॉकआउट मुकाबलों को टीवी पर दिखाया जाएगा.
मोबाइल और डिजिटल पर लाइव स्ट्रीमिंग का विकल्प
टीवी के अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच देखने वाले दर्शकों के लिए भी सुविधा दी गई है. विजय हजारे ट्रॉफी 2025 26 के चुनिंदा मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. मोबाइल और स्मार्ट टीवी यूजर्स इस प्लेटफॉर्म के जरिये मैचों का सीधा आनंद ले सकते हैं. ऐसे में जो दर्शक टीवी के पास नहीं हैं वे भी आसानी से अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को खेलते देख पाएंगे.
टूर्नामेंट का फॉर्मेट और मुकाबलों की अहमियत
विजय हजारे ट्रॉफी 2025 26 को एलीट और प्लेट कैटेगरी में खेला जाएगा. एलीट ग्रुप में 32 टीमें शामिल हैं जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है. हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी. इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे. प्लेट ग्रुप में शामिल टीमें भी आपस में मुकाबला करेंगी जहां प्रमोशन और रेलिगेशन का सिस्टम लागू रहेगा.
विजय हजारे ट्रॉफी 2025 26 के ग्रुप
ग्रुप ए:- केरल, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, त्रिपुरा.
ग्रुप बी:- विदर्भ, हैदराबाद, बंगाल, बडौदा, असम, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर.
ग्रुप सी:- छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, हिमाचल, प्रदेश, पंजाब, मुंबई, उत्तराखंड, सिक्किम.
ग्रुप डी:- रेलवे, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, सौराष्ट्र, दिल्ली, सर्विसेज, ओडिशा.
ये भी पढ़ें–
Vijay Hazare Trophy में कितने मैच खेलेंगे सूर्यकुमार यादव, हो गया खुलासा
पंजाब की विजय हजारे ट्रॉफी टीम में शुभमन गिल का नाम, लेकिन नहीं करेंगे कप्तानी
