Vijay Hazare Trophy: फाइनल में अथर्व तायडे की सेंचुरी, सौराष्ट्र को हराकर विदर्भ पहली बार बना चैंपियन

विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) के फाइनल में विदर्भ ने इतिहास रच दिया. अथर्व तायडे (Atharva Taide) की सेंचुरी और यश राठौड़ की फिफ्टी की मदद से विदर्भ ने सौराष्ट्र को 38 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया.

Vijay Hazare Trophy: बेंगलुरु में खेले गए फाइनल मुकाबले में विदर्भ ने सौराष्ट्र को हराकर पहली बार इस टूर्नामेंट में चैंपियन का टाइटल जीता है. इस जीत के हीरो ओपनर अथर्व तायडे (Atharva Taide) रहे, जिन्होंने पांच साल बाद शानदार सेंचुरी लगाकर अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. तायडे की पारी के दम पर विदर्भ ने 317 रन बनाए, जिसके जवाब में सौराष्ट्र की टीम 279 रन पर सिमट गई.

अथर्व तायडे की सेंचुरी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ की शुरुआत संभली हुई रही. अथर्व तायडे और अमन मोखाड़े (Aman Mokhade) ने सौराष्ट्र के तेज गेंदबाजों का डटकर सामना किया. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी हुई. अमन मोखाड़े 33 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तायडे ने आक्रामक खेल जारी रखा. उन्होंने 31वें ओवर में एक रन लेकर अपनी सेंचुरी पूरी की. तायडे ने 118 गेंदों में 128 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. यह पिछले पांच साल में उनका पहला लिस्ट ए शतक था.

विदर्भ का मजबूत स्कोर

अमन के आउट होने के बाद यश राठौड़ ने तायडे का अच्छा साथ निभाया. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 133 रन की अहम साझेदारी हुई. यश राठौड़ ने 61 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली. इसके अलावा रविकुमार समर्थ ने 25 रन बनाए. विदर्भ की टीम ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 317 रन का मजबूत स्कोर बनाया. सौराष्ट्र की ओर से अंकुर पवार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट झटके.

सौराष्ट्र की खराब शुरुआत

318 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 30 रन के स्कोर पर ही दो विकेट गंवा दिए. कप्तान हार्विक देसाई 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विश्वराज जडेजा सिर्फ 9 रन ही बना सके. इसके बाद प्रेरक मांकड ने पारी संभालने की कोशिश की. उन्होंने समर गज्जर और फिर चिराग जानी के साथ अच्छी साझेदारियां कीं. प्रेरक मांकड शतक से चूक गए और 88 रन बनाकर आउट हुए.

विदर्भ के गेंदबाजों ने दिलाई जीत

चिराग जानी ने 64 रन की पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके. जयदेव उनादकट, रुचित अहीर और चेतन सकारिया जल्दी आउट हो गए. विदर्भ के लिए यश ठाकुर ने चार विकेट लिए, जबकि नचिकेत भूटे ने तीन विकेट झटके. पूरी सौराष्ट्र टीम 48.5 ओवर में 279 रन पर सिमट गई. इस तरह विदर्भ ने 38 रन से मुकाबला जीतकर पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया और इतिहास रच दिया.

ये भी पढ़ें-

IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, इंदौर वनडे 41 रन से जीता, भारत में पहली बार सीरीज अपने नाम की

Video: Live Match में दिखा विराट का अलग अंदाज, पहले बजाई ताली फिर दिया धक्का, डेरिल मिचेल भी नहीं रोक पाए हंसी

रोहित शर्मा के नाम नया रिकॉर्ड, धोनी-कोहली के क्लब में हुई एंट्री, ऐसा करने वाले छठे खिलाड़ी बने

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >