Highlights
Steve Smith Replace Josh Hazlewood: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में ऑस्ट्रेलियाई टीम की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. पैट कमिंस के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) भी अनफिट होने की वजह से बाहर हो गए हैं. यह टीम के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है. इसी बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने हेजलवुड की जगह पर रिप्लेसमेंट का एलान कर दिया है. टीम मैनेजमेंट ने स्टीव स्मिथ (Steve Smith) को स्क्वाड में शामिल किया है.
ICC टेक्निकल कमेटी से मंजूरी मिलने के बाद इसका आधिकारिक तौर पर एलान भी कर दिया गया है. ऑस्ट्रेलिया के लिए यह बदलाव काफी अहम है क्योंकि टीम का प्रदर्शन अभी तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है.
हेजलवुड की जगह स्मिथ की हुई एंट्री
ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की स्क्वाड में शामिल अपने कई खिलाड़ियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए स्टीव स्मिथ को पहले ही बैकअप के तौर पर बुलाने का फैसला कर लिया था. वह श्रीलंका में टीम के साथ जुड़ भी चुके हैं. जोश हेजलवुड का बाहर होना टीम की गेंदबाजी आक्रमण के लिए चिंता का विषय है, लेकिन स्मिथ जैसे अनुभवी बल्लेबाज के आने से मध्यक्रम को मजबूती मिलने की उम्मीद है. आईसीसी की टेक्निकल कमेटी ने जैसे ही हेजलवुड की जगह स्मिथ को शामिल करने की मंजूरी दी, वैसे ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें मुख्य स्क्वाड का हिस्सा बना लिया.
कप्तान मार्श के कवर के तौर पर आए थे
ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान मिचेल मार्श शुरुआती 2 मैचों में चोटिल होने की वजह से नहीं खेल पाए थे. इसी वजह से स्टीव स्मिथ को उनके कवर के तौर पर श्रीलंका बुलाया गया था. स्मिथ ने 15 फरवरी को टीम के साथ जमकर ट्रेनिंग भी की थी. अब जब वह आधिकारिक रूप से स्क्वाड का हिस्सा बन गए हैं, तो अगर जरूरत पड़ती है तो 16 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में स्टीव स्मिथ खेलते हुए नजर आ सकते हैं. उनका अनुभव टीम के काम आ सकता है.
बिग बैश लीग में दिखाया था दमदार खेल
स्टीव स्मिथ ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला साल 2024 के फरवरी महीने में खेला था. हालांकि, वह हाल ही में खत्म हुए बिग बैश लीग 2025-26 के सीजन में सिडनी सिक्सर्स टीम की ओर से खेलते हुए काफी जबरदस्त फॉर्म में नजर आए थे. स्मिथ ने इस टूर्नामेंट में 59.80 के शानदार औसत से कुल 299 रन बनाए थे. वहीं टी20 इंटरनेशनल में उनके रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 67 मैचों में 24.86 के औसत से कुल 1094 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 125.45 का रहा है.
जिम्बाब्वे से मिली हार ने बढ़ाई चिंता
ऑस्ट्रेलियाई टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-बी का हिस्सा है. उन्होंने अभी तक दो मुकाबले खेले हैं, जिसमें से एक में उन्हें जीत मिली है, जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा है. ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ी चिंता की बात जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली हार है. अपने पिछले मुकाबले में उन्हें जिम्बाब्वे से 23 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. इस अप्रत्याशित हार के चलते उनका नेट रनरेट भी काफी खराब हो गया है, जो अभी सिर्फ 1.100 का है.
सुपर-8 की राह हुई मुश्किल
इस समय कंगारू टीम पर ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने की तलवार लटक रही है. अगर ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने बाकी बचे 2 मैचों में से एक में भी हार का सामना करती है, तो उसके लिए सुपर-8 में पहुंचने का रास्ता लगभग बंद हो जाएगा. अब टीम के लिए हर मैच ‘करो या मरो’ जैसा हो गया है. टीम को न सिर्फ अपने बचे हुए मैच जीतने होंगे, बल्कि नेट रनरेट को बेहतर करने के लिए बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी.
ये भी पढ़ें-
IND vs PAK: रोहित शर्मा और वसीम अकरम गले मिले, नो हैंडशेक विवाद को लेकर छिड़ी बहस
अफगान जलेबी पर डांस कर इरफान पठान ने पाकिस्तान को जलाया, पूछा- पड़ोसियों कैसा रहा संडे
शाहिद अफरीदी का फूटा गुस्सा, भारत से हार के बाद दामाद समेत 3 दिग्गजों को टीम से बाहर करने की मांग
