T20 World Cup 2026 Group 2 Semifinal Scenario: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैचों की शुरुआत हो गई है. शनिवार, 21 फरवरी को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच इस चरण का पहला मैच होना था, लेकिन वर्ल्डकप के इस 41वें मैच में बारिश ने अपना खेल दिखाया. ग्रुप-2 का यह मैच कोलंबो में लगातार हो रही बारिश के कारण रद्द हो गया. पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया ही था कि बारिश तेज हो गई, खिलाड़ियों को मैदान छोड़ना पड़ा, पिच ढंक दी गई और वह पूरी रात ढंकी ही रही. ग्रुप-2 के इस बेनतीजा मैच ने मेन इन ग्रीन के लिए सेमीफाइनल की रेस मुश्किल कर दी है. सुपर-8 चरण के ग्रुप-2 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के साथ श्रीलंका और इंग्लैंड भी हैं. आगे का सिनारियो क्या हो सकता है, इस पर भारत के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने समझाया है.
अगर बारिश ने पाकिस्तान के लिए मुश्किल खड़ी की तो? एक्सपर्ट ने आगे की राह बताई
पाकिस्तान अपने सारे मैच श्रीलंका में खेल रहा है. मेन इन ग्रीन को पल्लेकल, कैंडी में इंग्लैंड (24 फरवरी) और श्रीलंका (28 फरवरी) से भिड़ना है. लेकिन श्रीलंका में बारिश का सीजन चल रहा है. ऐसे में अगर पाकिस्तान के मैच बारिश की भेंट चढ़ते हैं, तो क्या होगा? भारत के पूर्व अंपायर अनिल चौधरी ने आगे सिनारियो को समझाया है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, ‘मैच नहीं हुआ तो पॉइंट्स आधे आधे हो जाएंगे.’ जो कि हो चुका है.
उन्होंने कहा, ‘अगर प्वाइंट इक्वल हुए तो या किसी मैच में कोई प्वाइंट नहीं आया… तो सेमीफाइनल कौन क्वालीफाई करेगा?’
चौधरी ने कहा, ‘सबसे पहले होगा टीम की जीत, अगर दो टीमें के पॉइंट्स बराबर हैं तो, टीमों का नेट रन रेट अहम होगा, अगर यह भी बराबर है, तो हेड टू हेड में किस टीम से किस टीम को हराया है, इसके आधार पर फैसला होगा.’
उन्होंने आगे कहा, ‘अगर किसी ग्रुप में कोई मैच नहीं हुआ तो 6 फरवरी को आईसीसी की रैंकिंग के आधार पर टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी.’ श्रीलंका को छोड़कर न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका तीनों ही पाकिस्तान से ऊपर हैं.
अंपायर अनिल ने यह भी कहा कि अगर सेमीफाइनल में भी बारिश के कारण यही हालत रही, तो सुपर 8 में जो टीम जीती है वो फाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी. इसके साथ ही अगर फाइनल में भी बारिश के कारण नो रिजल्ट रहा तो ज्वाइंट विनर होगा.
क्विक रूल रिकैप
सुपर-8 के नियम को जल्दी से समझ लेते हैं. मेंस टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में कोई एक्स्ट्रा रिजर्व डे नहीं रखा गया है. बारिश या अन्य कारण से मैच रुका तो कम से कम पाँच-पाँच ओवर का मुकाबला कराने के लिए अतिरिक्त 90 मिनट का समय होता है. अगर फिर भी मैच रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट मिलेगा.
ऐसे में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों को एक-एक अंक मिला. सुपर-8 के ग्रुप-2 में इंग्लैंड और सह-मेजबान श्रीलंका जैसी मजबूत टीम भी हैं, ऐसे में बेनतीजा परिणाम पाकिस्तान के लिए दोधारी तलवार साबित हो सकता है. अब पाकिस्तान के खाते में 1 अंक है और उसके दो मुकाबले शेष हैं. पहला इंग्लैंड और दूसरा श्रीलंका के खिलाफ.
पाकिस्तान का क्वालीफिकेशन सिनारियो
सिनारियो- 1 (दो जीत): पाकिस्तान के लिए नेट रन रेट की जटिलता पर निर्भर हुए बिना सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए समीकरण सीधा है: अपने बाकी दोनों बचे हुए मैच जीतो. पाकिस्तान 5 अंकों के साथ समाप्त करता है, तो उसका क्वालीफाई करना लगभग तय होगा. लेकिन यह चुनौतीपूर्ण घरेलू टीम और इंग्लैंड को हराना होगा.
सिनारियो- 2 (एक जीत, एक हार): पाकिस्तान श्रीलंका या इंग्लैंड किसी एक टीम से हार जाए, तो 3 अंकों पर रहने से उसकी किस्मत अन्य नतीजों और एनआरआर पर निर्भर होगी. यह एक ऐसा जोखिम, जिसमें पाकिस्तान ऐतिहासिक रूप से जूझता रहा है.
फिलहाल पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों के पास बिना किसी पॉजिटिव या निगेटिव रनरेट के 1-1 अंक हैं.
सिनारियो- 3 (दो हार): वॉशआउट से मिले 1 अंक के साथ अगर पाकिस्तान दोनों मैच हार जाता है, तो टूर्नामेंट से तुरंत बाहर होना तय है. 21 फरवरी के वॉशआउट ने व्यावहारिक रूप से बचे हुए हर मैच को नॉकआउट में बदल दिया है.
ये भी पढ़ें:- अभिषेक शर्मा की हुंकार, लगातार तीन डक के बाद दिया बड़ा बयान, बोले- खेलने का अंदाज नहीं बदलूंगा
ये भी पढ़ें:- साउथ अफ्रीका को नहीं मिलेगा फायदा, सुपर-8 मैच से पहले सूर्यकुमार का बड़ा बयान
