22 साल बाद स्टीव बकनर का कबूलनामा, तेंदुलकर को गलत आउट दिया

Steve Bucknor Mistake: अंपायर स्टीव बकनर ने 22 साल बाद एक बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने स्वीकार किया है कि साल 2003 में ऑस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन टेस्ट के दौरान सचिन तेंदुलकर को एलबीडब्ल्यू आउट देना उनकी सबसे बड़ी गलती थी. टीवी रिप्ले में साफ दिखा था कि गेंद स्टंप के ऊपर से जा रही थी. बकनर ने कहा कि जिंदगी में गलतियां हो जाती हैं.

Steve Bucknor Mistake:  सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) को गलत आउट देने वाले अंपायर स्टीव बकनर (Steve Bucknor) ने अपनी गलती मान ली है. अंपायरिंग से साल 2009 में संन्यास लेने वाले बकनर ने अब 22 साल बाद माना है कि 2003 में ब्रिसबेन टेस्ट के दौरान सचिन को आउट देना उनकी एक भारी भूल थी. बकनर दुनिया के सबसे सम्मानित अंपायरों में गिने जाते थे. उन्होंने साल 1989 से 2009 के बीच कुल 128 टेस्ट मैचों और लगातार पांच विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग की है. उनके इस नए बयान से क्रिकेट प्रेमियों की पुरानी यादें फिर से ताजा हो गई हैं.

ब्रिसबेन टेस्ट का वह गलत फैसला 

साल 2003-04 में भारतीय टीम चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गई थी. सीरीज का पहला मैच ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर खेला जा रहा था. इस मैच में सचिन तेंदुलकर तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए थे. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी की एक गेंद को सचिन ने जाने देने की कोशिश की. गेंद उनके पैड के ऊपरी हिस्से पर जाकर लगी. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जोर से अपील की और अंपायर बकनर ने सचिन को LBW आउट दे दिया. उस वक्त सचिन केवल तीन रन बनाकर खेल रहे थे.

टीवी रिप्ले में सामने आया था पूरा सच 

जब टीवी पर इस घटना का रिप्ले दिखाया गया तो सच्चाई सबके सामने आ गई. रिप्ले में बिल्कुल साफ दिख रहा था कि गेंद स्टंप के काफी ऊपर से जा रही थी. उस समय टीवी पर कमेंट्री कर रहे पूर्व दिग्गज टोनी ग्रेग ने भी तुरंत इसे एक बहुत ही खराब फैसला बताया था. हालांकि, यह मैच बाद में ड्रा हो गया था. इस मैच में भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने 144 रनों की शानदार पारी खेली थी.

बकनर ने 22 साल बाद मानी भूल 

हाल ही में 79 साल के बकनर ने वेस्टइंडीज क्रिकेट अंपायर संघ को एक खास इंटरव्यू दिया. जब उनसे उनके सबसे मुश्किल फैसलों के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने सचिन को दिए गए उस फैसले का जिक्र किया. बकनर ने कहा कि सचिन तेंदुलकर को एलबीडब्ल्यू आउट देना मेरी एक गलती थी. आज भी लोग हर दिन इस फैसले के बारे में बात करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि मैंने उन्हें आउट क्यों दिया, लेकिन जिंदगी में गलतियां हो जाती हैं और मैंने अपनी गलती स्वीकार कर ली है.

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी हुई थी चूक 

क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका नहीं था जब बकनर का कोई फैसला सचिन के खिलाफ विवादों में रहा हो. साल 2005 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हो रहा था. पाकिस्तानी गेंदबाज अब्दुल रज्जाक की गेंद पर बकनर ने सचिन को कैच आउट दे दिया था. उस समय रज्जाक ने बहुत ही कमजोर अपील की थी. बाद में टीवी रिप्ले में एकदम साफ दिखा था कि गेंद और बल्ले के बीच काफी अंतर था.

सचिन तेंदुलकर ने फैसले पर लिए थे मजे 

इस घटना के कई साल बाद 2024 में सचिन तेंदुलकर ने इंटरनेट पर अपने फैंस के साथ बातचीत की थी. तब एक फैन ने उनसे बकनर के साथ उनके रिश्ते और उस फैसले को लेकर सवाल पूछा था. इस पर सचिन ने हंसते हुए और काफी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया था. सचिन ने कहा था कि जब भी मैं बैटिंग करने मैदान पर उतरूं, तो अंपायर को मुक्केबाजी वाले मोटे ग्लव्स पहना देने चाहिए. ऐसा करने से अंपायर मुझे आउट देने के लिए अपनी उंगली ऊपर नहीं उठा पाएंगे.

ये भी पढ़ें-

भारत के लिए पनौती है यह अंपायर? डराते हैं ये रिकॉर्ड

महिला टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार खेलेंगी 12 टीमें, भारत-पाक एक ग्रुप में

शाई होप की चेतावनी, पिछला मैच बीत गया, अब अगली जंग की तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >