Highlights
Shadab Khan Flop: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सुपर 8 चरण में 24 फरवरी को एक रोमांचक मुकाबला खेला गया. पल्लेकेले के मैदान पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हरा दिया. इस हार के बाद पाकिस्तान के ऑलराउंडर शदाब खान (Shadab khan) के खराब खेल को लेकर काफी चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के दो पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों मोहम्मद हफीज (Mohammad Hafeez) और सकलैन मुश्ताक (Saqlain Mushtaq) के बीच शदाब को लेकर हो रही एक बहस का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड
पल्लेकेले में हुए इस मैच में जीत के साथ ही इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. दूसरी तरफ, इस हार से पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल का रास्ता बहुत मुश्किल हो गया है. पाकिस्तान अब टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो चुका है. अब टीम का आगे जाना पूरी तरह से दूसरी टीमों के मैचों के नतीजों पर निर्भर करेगा.
एक बार फिर फ्लॉप रहे शदाब खान
इस अहम मुकाबले में पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर शदाब खान एक बार फिर बड़े मैच में फेल हो गए. वह बल्ले और गेंद दोनों से पूरी तरह फ्लॉप रहे. शदाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 23 रन बनाए. इसके बाद बॉलिंग में भी उन्होंने निराश किया. उन्होंने अपने 3 ओवर में 31 रन खर्च किए और मैच में एक भी विकेट नहीं ले सके.
हफीज और सकलैन की बहस
इंग्लैंड के खिलाफ शदाब खान के खराब प्रदर्शन के बाद इंटरनेट पर एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज स्पिनर सकलैन मुश्ताक और पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज के बीच बहस हो रही है. दोनों दिग्गज खिलाड़ी शदाब के प्रदर्शन और उनके टीम में रोल को लेकर आपस में उलझते हुए नजर आ रहे हैं.
टीम में अपनी जिम्मेदारी निभाएं ऑलराउंडर
वायरल वीडियो में मोहम्मद हफीज शदाब खान की जमकर आलोचना कर रहे हैं. हफीज का साफ मानना है कि जो ऑलराउंडर होता है उसे सबसे पहले उस चीज में बेस्ट होना चाहिए, जिसके चलते उसे टीम में जगह मिली है. हफीज ने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई बॉलिंग ऑलराउंडर है, तो वह पहले अच्छी बॉलिंग करे फिर बैटिंग के बारे में सोचे. वहीं बैटिंग ऑलराउंडर को बैटिंग पर ज्यादा फोकस करना चाहिए.
सकलैन मुश्ताक ने किया शदाब का बचाव
मोहम्मद हफीज की इन बातों का सकलैन मुश्ताक ने कड़ा विरोध किया. सकलैन वीडियो में शदाब का बचाव करते नजर आ रहे हैं. सकलैन का मानना है कि शदाब एक बैटर और बॉलर दोनों हैं. आपको बता दें कि शदाब खान रिश्ते में सकलैन मुश्ताक के दामाद हैं. शदाब ने जनवरी 2023 में सकलैन की बेटी मलाइका सकलैन से निकाह किया था. इसलिए ससुर का अपने दामाद के पक्ष में बोलना अब फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है.
ये भी पढ़ें-
जब भी हारते हैं… ब्रूक को लेकर सलमान आगा का बड़ा बयान
सेमीफाइनल में इंग्लैंड की एंट्री, पाकिस्तान पर बाहर होने का खतरा
