Highlights
Mike Hesson on Babar Azam: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में पाकिस्तान क्रिकेट टीम सुपर-8 में पहुंच गई है. ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में नामीबिया को 100 से ज्यादा रन से हराने के बाद अब टीम का सामना 21 फरवरी को न्यूजीलैंड से होगा. इस अहम मुकाबले से पहले पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन (Mike Hesson) ने बाबर आजम (Babar Azam) की बैटिंग और स्ट्राइक रेट पर खुलकर बात की है. इसके साथ ही उन्होंने शाहीन अफरीदी को ड्रॉप करने और वायरल वीडियो विवाद पर भी स्थिति साफ कर दी है.
बाबर के स्ट्राइक रेट पर कोच का बयान
पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि बाबर आजम को अपने खराब स्ट्राइक रेट के बारे में पता है. टीम को एक खास रोल की जरूरत है और पावरप्ले में बाबर का स्ट्राइक रेट 100 से भी कम है. टीम को इस समय उनसे ऐसे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं है.
हेसन ने कहा कि बाबर मिडिल ओवर्स के बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं. जब टीम मुश्किल में होती है, तो वह पारी संभाल सकते हैं. अमेरिका के खिलाफ मैच का उदाहरण देते हुए कोच ने बताया कि एक बार सेट होने के बाद बाबर तेजी से रन बना सकते हैं. इस टूर्नामेंट में बाबर का बल्ला अब तक पूरी तरह शांत रहा है. उन्होंने तीन मैचों में बैटिंग की है और केवल 66 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट काफी निराशाजनक रहा है.
भारत से मिली हार के बाद टीम में बदलाव
ग्रुप स्टेज में भारत के हाथों मिली 61 रन की करारी हार का असर पाकिस्तान की टीम पर अब भी साफ दिख रहा है. टीम इस बड़ी हार से अभी तक उबर नहीं पाई है और खेमे में टेंशन बनी हुई है. इसी हार के बाद नामीबिया के खिलाफ टीम मैनेजमेंट ने दो बड़े फैसले लिए. पाकिस्तान के प्रमुख तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह सलमान मिर्जा को मौका दिया गया. भारत के खिलाफ शाहीन का फॉर्म काफी खराब रहा था.
नामीबिया के खिलाफ बाबर ने क्यों नहीं की बैटिंग
नामीबिया के खिलाफ पाकिस्तान ने 3 विकेट पर 199 रन का बड़ा स्कोर बनाया था, लेकिन इस मैच में बाबर आजम बैटिंग करने नहीं आए. उन्हें नंबर 4 पर भी नहीं भेजा गया. इस पर कोच हेसन ने बताया कि जब विरोधी टीम का लेफ्ट आर्म स्पिनर गेंदबाजी कर रहा था और पिच टर्न ले रही थी, तब बाबर ने ही माना कि दो राइट हैंड बल्लेबाजों को भेजना सही नहीं है. लेफ्ट आर्म स्पिनर का ओवर खत्म होने के बाद नफे ने गेम संभाला. उस समय टीम को इसी की जरूरत थी.
शाहीन को बाहर करने पर हेसन की सफाई
कोच माइक हेसन ने इस बात से साफ इनकार किया कि भारत से मिली हार के कारण ही शाहीन अफरीदी को टीम से निकाला गया या बाबर को बैटिंग ऑर्डर में नीचे भेजा गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा अपने मौके के हकदार थे, इसलिए उन्हें टीम में शामिल किया गया. यह कोई सजा नहीं थी बल्कि यह फैसला खिलाड़ियों के अलग-अलग रोल को ध्यान में रखकर लिया गया था.
सलमान आगा के वायरल वीडियो का सच
नामीबिया मैच के दौरान डगआउट में सलमान अली आगा और कोच माइक हेसन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. इस विवाद पर हेसन ने अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि लोगों ने इस वीडियो को पूरी तरह से गलत समझा है. असल में वह सलमान के पास जाकर यह कहने वाले थे कि लेफ्ट हैंड बल्लेबाज होने के नाते मोहम्मद नवाज को पैड पहनने के लिए कहा जाए. सलमान उस वक्त अपने आउट होने से काफी परेशान थे और गुस्से में उन्होंने अपनी पानी की बोतल जमीन पर फेंक दी थी. इस घटना का कोच के साथ हुई बातचीत से कोई लेना-देना नहीं था.
ये भी पढ़ें-
कोलंबो में क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल? सुपर-8 का पहला मैच PAK vs NZ के बीच
कोई इतना बड़ा झूठ कैसे… आसिफ नजरुल पर भड़के कोच सलाहुद्दीन
T20 WC में सुपर-8 मैच के समय में बदलाव! जानें कितने बजे होगा IND vs SA मुकाबला
