Highlights
Mohammad Amir Prediction: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के ग्रुप स्टेज मुकाबले खत्म हो चुके हैं और अब 21 फरवरी से सुपर-8 की शुरुआत होने वाली है. सुपर-8 के लिए आठ टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है. इस बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) ने टीम इंडिया को लेकर एक विवादित भविष्यवाणी की है.
आमिर का मानना है कि भारतीय टीम सुपर-8 से ही बाहर हो जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा को स्लॉगर कहकर उनकी बैटिंग तकनीक पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं.
भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा
सुपर-8 के लिए भारत, पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड ने क्वालीफाई किया है. इनमें से चार टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी जो 4 और 5 तारीख को खेला जाएगा. एक टीवी शो के दौरान जब एंकर ने आमिर से पूछा कि ग्रुप ए से कौन सी टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी, तो उन्होंने साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज का नाम लिया. जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत अंतिम चार में नहीं पहुंचेगा, तो आमिर ने जोर से सिर हिलाकर साफ इनकार कर दिया. उनके इस जवाब से सभी हैरान रह गए.
भारतीय बैटिंग लाइन-अप पर उठाए सवाल
आमिर ने अपनी इस भविष्यवाणी का कारण भी बताया. उन्होंने कहा कि अगर आप भारत के मैच देखें तो पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबले को छोड़कर बाकी सभी मैचों में भारतीय बैटिंग ने कोलैप्स किया है. आमिर का मानना है कि सुपर-8 मैचों में दबाव ज्यादा होगा. उनके अनुसार, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमें जिस तरह का खेल दिखा रही हैं, वे मौजूदा फॉर्म में किसी भी बड़ी टीम को हराने की ताकत रखती हैं.
अभिषेक शर्मा को कहा स्लॉगर
आमिर ने भारत के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन पर भी सीधा निशाना साधा. उन्होंने अभिषेक को एक आक्रामक बल्लेबाज और स्लॉगर करार दिया जो लगभग हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करता है. आमिर ने कहा कि जिस दिन अभिषेक का बल्ला चलता है, वे अच्छे दिखते हैं, लेकिन उनके जल्दी आउट होने और फेल होने के चांस बहुत ज्यादा रहते हैं. लगातार छोटी पारियां इस बात का सबूत हैं कि उनकी तकनीक में सुधार की जरूरत है.
ऑफ स्टंप के बाहर अभिषेक की कमजोरी
अभिषेक के लगातार तीन बार शून्य पर आउट होने के बाद आमिर ने कहा कि इंटरनेशनल लेवल पर विरोधी टीमें खिलाड़ियों की कमजोरी का विश्लेषण करती हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गेंदबाज उनकी कमजोरियों को और ज्यादा परखेंगे. आमिर ने बताया कि अगर गेंदबाज ऑफ स्टंप या चौथे स्टंप की लाइन पर गेंदबाजी करते हैं, तो अभिषेक को खेलने में दिक्कत होती है. उन्होंने सलाह दी कि बड़े मंच पर लगातार सफलता पाने के लिए युवा खिलाड़ियों को अपनी तकनीक और शॉट सिलेक्शन के बीच संतुलन बनाना होगा.
सुपर-8 में टीम इंडिया का शेड्यूल
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने ग्रुप स्टेज में लगातार चार मैच (पाकिस्तान, यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड्स के खिलाफ) जीतकर सुपर-8 में जगह बनाई है. सुपर-8 के लिए भारत ग्रुप ए में है.
सुपर 8 में टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 22 फरवरी को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी. इसके बाद 26 गुरुवार को चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में सिकंदर रजा की कप्तानी वाली जिम्बाब्वे से मैच होगा. भारत का आखिरी सुपर-8 मुकाबला 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. टीम इंडिया अपनी विनिंग स्ट्रीक को बरकरार रखना चाहेगी.
ये भी पढ़ें-
तुम्हारी परफॉर्मेंस सिर्फ… शाहिद अफरीदी ने शादाब को लताड़ा, भारत के खिलाफ ऐसे हैं आंकड़े
क्या ऑस्ट्रेलिया का हारना पाकिस्तान के लिए शुभ? इस वायरल दावे की हकीकत जानें
बर्तन धोने वाले पाकिस्तानी कप्तान पर लगा बैन, PHF अध्यक्ष का इस्तीफा
