KL Rahul: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में अफगानिस्तान की एक बड़ी गलती टीम को भारी पड़ गई. भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल को शुरुआती चरण में मिला जीवनदान आखिरकार शतक में बदल गया. राहुल ने 165 गेंदों पर 100 रन की शानदार पारी खेलते हुए भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
11वें ओवर में ही हो जाते आउट
दरअसल, भारतीय पारी के 11वें ओवर में अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज जिया उर रहमान गेंदबाजी कर रहे थे. ओवर की एक बाहर जाती गेंद पर राहुल ने कट शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में समा गई. अफगान खिलाड़ियों ने अपील की, लेकिन मैदान पर मौजूद अंपायर ने बल्लेबाज को आउट नहीं दिया.
अफगानिस्तान के कप्तान रिव्यू नहीं लेकर की बड़ी गलती
इस दौरान राहुल भी कुछ देर के लिए असमंजस में दिखाई दिए और उन्होंने ऐसा संकेत देने की कोशिश की कि गेंद बल्ले से नहीं लगी है. हालांकि स्लिप में खड़े रहमानुल्लाह गुरबाज को यकीन था कि गेंद ने बल्ले का किनारा लिया है और उन्होंने कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी को डीआरएस लेने का इशारा भी किया. लेकिन विकेटकीपर के पूरी तरह आश्वस्त नहीं होने के कारण अफगान कप्तान ने रिव्यू नहीं लिया. यही फैसला टीम के लिए सबसे बड़ी गलती साबित हुआ. बाद में रिप्ले और स्निकोमीटर में साफ दिखाई दिया कि गेंद राहुल के बल्ले का किनारा लेकर गई थी. अगर उस समय अफगानिस्तान डीआरएस ले लेता, तो राहुल सिर्फ 16 रन पर पवेलियन लौट सकते थे.
केएल राहुल का 12वां शतक
जीवनदान मिलने के बाद केएल राहुल ने अफगान गेंदबाजों को कोई दूसरा मौका नहीं दिया. उन्होंने धैर्य और समझदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए शतक पूरा किया. यह केएल राहुल का टेस्ट क्रिकेट में 12वां शतक है. वहीं बतौर ओपनर राहुल का यह 11वां शतक है. राहुल ने अफगानिस्तान की गलती का पूरा फायदा उठाया. डीआरएस नहीं लेने के कारण अपना शतक पूरा किया.
यह भी पढ़ें: राहुल-गिल के शतक से भारत मजबूत, पहले दिन विकेट के लिए तरसे अफगानिस्तान के गेंदबाज
