T20 World Cup 2026: भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया है. जसप्रीत बुमराह को 4 विकेट चटकाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को जीत के लिए 256 रनों का पहाड़ जैसा टारगेट दिया. जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 के स्कोर पर ढेर हो गई, जिसमें बुमराह ने अपने 4 ओवरों में 15 देकर चार विकेट चटकाए. इस प्रकार पूरे टूर्नामेंट में उनके नाम 14 विकेट हो गए.
बुमराह ने वरुण चक्रवर्ती से छीना खिताब
जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती फाइनल मुकाबले में जब न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर गेंदबाजी के लिए आए थे, जब चक्रवर्ती के नाम 13 विकेट और बुमराह के नाम 10 विकेट थे. चक्रवर्ती ने 3 वर में 39 रन लुटाकर एक विकेट अपने नाम किया, जबकि बुमराह ने 4 विकेट चटकाकर 14 विकेट का आंकड़ा छुआ. पूरे टूर्नामेंट की बात करें तो चक्रवर्ती ने 9 मैचों में 9.26 की इकॉनमी से रन लुटाकर 14 विकेट लिए. जबकि बुमराह ने 8 मुकाबलों में 6.21 की इकॉनमी से रन देकर 14 विकेट चटकाए.
बुमराह ने बैक टू बैक चटकाए दो विकेट
फाइनल मुकाबले में बुमराह का जलवा 16वें ओवर में देखने को मिला, जब उन्होंने दो लगातार गेंद पर दो विकेट चटकाए. उन्होंने इस ओवर की तीसरी गेंद पर जेम्स नीशम को क्लीन बोल्ड कर दिया, उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 141 रन था. जब न्यूजीलैंड को सातवां झटका लगा. बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए मैट हेनरी बुमराह की पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए. बुमराह के पास हैट्रिक का मौका था, लेकिन लॉकी फर्ग्युसन ने बुमराह के एक शानदार यॉर्कर को बेहतर ढंग से रोक दिया.
टीम इंडिया ने रचा इतिहास
96 रनों से फाइनल मुकाबले को जीतकर भारत ने इतिहास रच दिया है. भारतीय टीम अब दुनिया की पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने बैक टू बैक दो टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया हो. इससे पहले 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब थामा था. सबसे बेहतरीन क्षण वह था जब भारत को तीन टी20 वर्ल्ड कप दिलाने वाले तीन कप्तान एमएस धोनी, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव मैदान पर एक साथ दिखे. धोनी और रोहित ने स्टैंड में बैठकर पूरे मैच का आनंद लिया.
ये भी पढ़ें…
फाइनल में कैमरे पर एक बार भी क्यों नहीं दिखे एमएस धोनी, स्टेडियम में थे मौजूद
‘पनौती’ अंपायर रिचर्ड केटलबोरो कैसे हुए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से बाहर?
