6,2,4,6,6,6... टिम डेविड ने 19वें ओवर में मचाया गदर, ओवरटन की लगी क्लास

Tim David Batting: आईपीएल 2026 में टिम डेविड ने चेन्नई के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी की. उन्होंने 25 गेंद में नाबाद 70 रन बनाए. 19वें ओवर में डेविड ने 6,2,4,6,6,6 लगाकर 30 रन ठोके. इसकी मदद से आरसीबी ने 250 रन का नया रिकार्ड स्कोर बनाया और मैच में अपना दबदबा कायम किया.

Tim David Batting: आईपीएल 2026 में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच एक अहम मैच हुआ. बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 250 रन का स्कोर बनाया. इस बड़े स्कोर का कारण टिम डेविड की आक्रामक बल्लेबाजी रही. डेविड ने सिर्फ 25 गेंद खेलकर नाबाद 70 रन बनाए. बता दे कि चेन्नई के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था.

19वें ओवर में आए 30 रन

टिम डेविड की पारी में सबसे अहम जेमी ओवरटन का 19वां ओवर साबित हुआ. इस एक ओवर में डेविड ने 30 रन ठोक दिए. जेमी ओवरटन के इस ओवर की शुरुआत छक्के से हुई. इसके बाद दूसरी गेंद पर 2 रन आए. फिर डेविड ने लगातार एक चौका और तीन छक्के लगाकर ओवर में 30 रन पूरे किए. इस तरह उनके रनो का क्रम 6, 2, 4, 6, 6 और 6 रहा. अपनी नाबाद 70 रन की पारी में डेविड ने कुल 8 छक्के और 3 चौके लगाए. एक समय आरसीबी का स्कोर 200 रन तक पहुंचने की उम्मीद थी लेकिन डेविड के आने के बाद बहुत तेजी से रन बने.

नो-बॉल के कारण मिला जीवनदान

इस पारी में टिम डेविड को किस्मत का भी पूरा साथ मिला. पारी के 18वें ओवर में अंशुल कंबोज गेंदबाजी कर रहे थे. उनकी एक गेंद पर डेविड क्लीन बोल्ड हो गए और मैदान से बाहर जाने लगे. लेकिन तीसरे अंपायर ने टीवी रीप्ले देखने के बाद पाया कि गेंदबाज का पैर लाइन से आगे था. इसके कारण अंपायर ने इसे नो-बॉल करार दिया और डेविड को वापस बुलाया गया. इस मौके का डेविड ने पूरा फायदा उठाया और तेजी से रन बनाकर चेन्नई के गेंदबाजो को दबाव में कर दिया.

डेविड और पाटीदार की तेज साझेदारी

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने भी डेविड का पूरा साथ दिया. पाटीदार और डेविड के बीच 35 गेंद में 99 रन की बेहद तेज साझेदारी हुई. पाटीदार ने 19 गेंद पर नाबाद 48 रन बनाए. अपनी पारी में पाटीदार ने 1 चौका और 6 छक्के लगाए. इससे पहले देवदत्त पडिक्कल ने 50 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. ओपनर विराट कोहली ने 28 और फिल साल्ट ने 46 रन का अहम योगदान दिया.

धीमी शुरुआत के बाद 19 छक्के

इस बड़े स्कोर के बावजूद आरसीबी की शुरुआत बहुत धीमी थी. पहले तीन ओवर में कोहली और सॉल्ट एक भी चौका या छक्का नहीं लगा सके थे. शुरुआती तीन ओवर में बाउंड्री ना आने की बात पर किसी को विश्वास नहीं हो रहा था. गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आ रही थी. लेकिन इसके बाद अगले 17 ओवर में मैच पूरी तरह बदल गया. आरसीबी ने इस दौरान कुल 19 छक्के और 14 चौके लगाए. पारी के बीच में देवदत्त पडिक्कल ने बताया कि शुरुआत में पिच से मदद नहीं थी इसलिए टीम ने विकेट बचाकर रखने की रणनीति अपनाई.

चेन्नई के खिलाफ नया रिकार्ड

आरसीबी का यह 250 रन का स्कोर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले यह रिकार्ड पंजाब किंग्स के पास था. पंजाब ने चेन्नई के खिलाफ 231 रन बनाए थे. अंतिम 5 ओवर में विकेट हाथ में होने के कारण आरसीबी इस रिकार्ड स्कोर तक पहुंच सकी. टिम डेविड और रजत पाटीदार की इस आक्रामक साझेदारी ने मैच का नतीजा तय कर दिया. यह मैच आईपीएल 2026 के सबसे रोमांचक मैचो में गिना जाएगा.

ये भी पढ़ें-

विराट कोहली ने तोड़ा रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड, बने इस खास लिस्ट के ‘किंग’

कौन है यह मिस्ट्री गर्ल? PBKS के इस खिलाड़ी से जुड़ रहा नाम

हवा में उड़कर ऋषभ पंत ने लपके हैरतअंगेज कैच, फिर बल्ले से धामल कर जिताया मैच

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >