इंतजार का फल छक्का होता है, RR vs RCB मैच से पहले उमेश यादव के बयान ने मचाया तहलका

RR vs RCB: गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और बेंगलुरु के मैच में बारिश से देरी हुई. इस दौरान स्टार स्पोर्ट्स के प्री मैच शो के दौरान उमेश यादव ने मजेदार बयान दिया कि इंतजार का फल छक्का होता है. उन्होंने बताया कि बारिश के बाद गेंदबाजो को वार्म-अप का समय नहीं मिलता, जिससे बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट लगाते हैं.

RR vs RCB: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 16वें मैच में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में होना है. इस मैच में बारिश के कारण टॉस समय पर नहीं हो सका और खेल शुरू होने में काफी देरी हुई. इस देरी के दौरान भारत के तेज गेंदबाज उमेश यादव ने प्री मैच शो में एक बयान दिया जो तेजी से वायरल हो रहा है. उमेश यादव ने कहा कि इंतजार का फल छक्का होता है.

गेंदबाजों को नहीं मिलता वार्म-अप का मौका

उमेश यादव ने अपने बयान में कहा कि जब बारिश के कारण मैच में देरी होती है, तो गेंदबाजों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ता है. गेंदबाजों को मैच से पहले ठीक से वार्म-अप करने का पूरा समय नहीं मिल पाता. उन्हें अपनी पुरानी लय पकड़ने में थोड़ा वक्त लगता है. वहीं, बल्लेबाज क्रीज पर आते ही आक्रामक रूप अपना लेते हैं और सीधे बड़े शॉट खेलना शुरू कर देते हैं. इसी कारण मैच शुरू होते ही मैदान पर छक्के देखने को मिलते हैं.

वैभव सूर्यवंशी का दिया सटीक उदाहरण

अपनी बात साबित करने के लिए उमेश यादव ने राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का एक बेहतरीन उदाहरण दिया. इसी सीजन में राजस्थान और मुंबई इंडियंस के बीच हुआ एक मैच भी बारिश से प्रभावित रहा था. समय की कमी के कारण उस मुकाबले को 11-11 ओवर का कर दिया गया था. उस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने आते ही जसप्रीत बुमराह जैसे घातक गेंदबाज की पहली गेंद पर ही छक्का जड़ दिया था. उन्होंने बुमराह की कुल तीन गेंदों का सामना किया और उन पर दो लंबे छक्के लगाए थे.

दोनों टीमें IPL 2026 में अब तक अजेय

इस मुकाबले में दोनों ही टीमों के बीच कांटे की टक्कर होने की पूरी उम्मीद है. राजस्थान और बेंगलुरु दोनों ने इस सीजन में अब तक अपना एक भी मैच नहीं गवाया है. राजस्थान रॉयल्स की टीम ने अपने शुरुआती तीनों मैच जीतकर शानदार शुरुआत की है. वहीं दूसरी तरफ, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु भी अपने पहले दो मैच जीतकर इस मुकाबले में पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरी है.

खराब मौसम के बाद भी फैंस का जोश हाई

गुवाहाटी में तेज बारिश के बावजूद स्टेडियम में मौजूद फैंस का उत्साह बिल्कुल भी कम नहीं हुआ है. उमेश यादव के इस मजेदार बयान ने वहां के माहौल को और भी ज्यादा रोमांचक बना दिया है. स्टेडियम में मौजूद सभी दर्शकों को पूरी उम्मीद है कि खेल शुरू होने के बाद इन दोनों अजेय टीमों के बीच एक कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा.

ये भी पढ़ें-

RR vs RCB: राजस्थान ने जीता टॉस, बारिश के कारण लाइव एक्शन में देरी

RR vs RCB: गुवाहाटी में बारिश ने बिगाड़ा खेल, टॉस में देरी

LSG vs GT किसको सपोर्ट करेंगी सारा तेंदुलकर? रिएक्शन का वीडियो हुआ वायरल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >