RR vs RCB: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) शुक्रवार को आईपीएल 2026 के मैच में राजस्थान रॉयल्स के स्पिनर रवि बिश्नोई (Ravi Bishnoi) की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए और शानदार शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए. कोहली अच्छी लय में दिख रहे थे और उन्होंने 16 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 32 रन बनाए थे, लेकिन बिश्नोई की सीधी गेंद पर वे पूरी तरह से चकमा खा गए. आरसीबी की पारी के पांचवें ओवर में कोहली ने बिश्नोई की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले और पैड के बीच से निकलकर स्टंप्स से जा टकराई. कोहली की निराशा साफ झलक रही थी, जबकि बिश्नोई ने अपने साथियों के साथ विकेट का जश्न मनाया.
टॉस जीतकर आरआर ने की पहले बॉलिंग
शुक्रवार को गुवाहाटी के बारासपारा क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच 16 में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने टॉस जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ गेंदबाजी करने का विकल्प चुना. राजस्थान रॉयल्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करते हुए तुषार देशपांडे की जगह बृजेश शर्मा को शामिल किया, वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जैकब डफी की जगह जोश हेजलवुड को वापस लाकर अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण को और मजबूत किया, जिससे उनकी गेंदबाजी लाइनअप में अनुभव और नियंत्रण का इजाफा हुआ.
रजत पाटीदार की कप्तानी पारी की मदद से आरसीबी ने विकेटों के पतन के बीच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में आठ विकेट पर 201 रन बनाये. पाटीदार ने 40 गेंद में चार छक्कों और चार चौकों की मदद से 63 रन बनाये. एक समय पर आरसीबी के छह विकेट 94 रन पर गिर गए थे, जिसके बाद उन्होंने मोर्चा संभाला. चैंपियन बल्लेबाज विराट कोहली ( 16 गेंद में 32 रन ) समेत डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के सभी बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के प्रयास में आउट हो गए. आखिरी ओवरों में इंपैक्ट सब वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंद में 29 रन बनाये जिसमें संदीप शर्मा के आखिरी ओवर में 21 रन बने.
वेंकटेश ने भी खेली तेज पारी
तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने फिल साल्ट तथा देवदत्त पडिक्कल को सस्ते में आउट कर दिया. साल्ट तो पहली ही गेंद पर आउट हो गए. कोहली ने अपनी पारी में सात चौके लगाये लेकिन वह रवि बिश्नोई की गेंद पर बोल्ड हो गए. इसके बाद से आरसीबी के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके. बिश्नोई ने कृणाल पंड्या का भी विकेट लिया. वहीं बंगाल प्रीमियर लीग टी20 से चुने गए बृजेश शर्मा ने जितेश शर्मा को पवेलियन भेजा. उन्होंने टिम डेविड का भी विकेट चटकाया. पिछले साल केकेआर के लिये काफी महंगे बिके वेंकटेश को इंपैक्ट सब के तौर पर भेजना पड़ा और उन्होंने तेजी से रन भी बनाये.
ये भी पढ़ें…
पिता का कर्ज और बिक चुका घर… कुछ ऐसी है मुकुल चौधरी के क्रिकेटर बनने की कहानी
अर्जुन तेंदुलकर की भविष्यवाणी सच, छक्कों की बारिश से मुकुल चौधरी ने पलटा मैच
