Highlights
Ravindra Jadeja on Pink Jersey: आईपीएल 2026 में रवींद्र जडेजा अब अपनी चेन्नई सुपर किंग्स की पीली जर्सी की जगह राजस्थान रॉयल्स की गुलाबी जर्सी में खेल रहे हैं. उन्होंने अपनी पुरानी टीम सीएसके के खिलाफ मैच में कमाल की गेंदबाजी करके सभी का ध्यान खींचा है. मैच में चेन्नई की पारी खत्म होने के बाद जडेजा ने अपनी गेंदबाजी और राजस्थान की टीम में वापसी पर खुलकर बात की. इस ऑलराउंडर ने अपनी नई जर्सी पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि उन पर गुलाबी रंग बहुत अच्छा लगता है.
एक ही ओवर में झटके दो बड़े विकेट
रवींद्र जडेजा ने अपनी शानदार स्पिन गेंदबाजी से चेन्नई की टीम को एक ही ओवर में दो बड़े झटके दिए. उन्होंने खतरनाक बल्लेबाजी कर रहे सरफराज खान और शिवम दुबे जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट किया. इन दोनों को एक ही ओवर में पवेलियन भेजकर उन्होंने चेन्नई टीम की कमर तोड़ दी. इस मैच में उनका प्रदर्शन बेहद खास रहा. उन्होंने अपने 3 ओवर के स्पेल में केवल 18 रन दिए और 2 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए.
शिवम दुबे का विकेट और जडेजा की रणनीति
अपनी गेंदबाजी के बारे में बात करते हुए जडेजा ने बताया कि वह शिवम दुबे को बहुत पहले से जानते हैं. उन्होंने शिवम को नेट्स में काफी गेंदे डाली हैं, इसलिए उन्हें अच्छे से मालूम है कि वह स्पिन गेंदबाजों का सामना कैसे करते हैं. जडेजा इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार थे. उन्होंने जानबूझकर ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी की क्योंकि उन्हें पता था कि शिवम उनके खिलाफ बड़े शॉट लगाने की कोशिश करेंगे. जडेजा ने यह भी बताया कि पिच थोड़ी चिपचिपी थी और गेंद टर्न हो रही थी, इसलिए उन्हें गेंदबाजी करने में काफी मजा आया. उनका काम सिर्फ सही जगह पर गेंद डालना था और बाकी काम पिच कर रही थी.
राजस्थान रॉयल्स के साथ पुरानी यादें
राजस्थान रॉयल्स के साथ रवींद्र जडेजा की यह दूसरी पारी है. साल 2008 में जब शेन वॉर्न की कप्तानी में राजस्थान ने आईपीएल का पहला सीजन जीता था, तब जडेजा उस चैंपियन टीम का हिस्सा थे. आईपीएल 2026 में वह ट्रेड के जरिए दोबारा राजस्थान की टीम में आए हैं. राजस्थान को इस अनुभवी ऑलराउंडर से उसी तरह के बेहतरीन खेल की उम्मीद है, जैसा वह इतने सालों तक चेन्नई के लिए करते रहे हैं. पहले ही मैच में जडेजा अपनी नई टीम की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतरे हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स के साथ रहा लंबा सफर
जडेजा का चेन्नई के साथ सफर बेहद लंबा और यादगार रहा है. वह साल 2012 में चेन्नई से जुड़े थे और 2025 तक उसी टीम का हिस्सा रहे. बीच में 2016 और 2017 में जब चेन्नई पर बैन लगा था, तब वह गुजरात लायंस के लिए खेले थे. जडेजा चेन्नई के सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक रहे हैं. टीम को कई बार चैंपियन बनाने में उनका बड़ा हाथ रहा है. साल 2023 के फाइनल मैच में आखिरी दो गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर उन्होंने चेन्नई को जीत दिलाई थी. क्रिकेट फैंस उनकी उस मैच विनिंग पारी को हमेशा याद रखेंगे.
ये भी पढ़ें-
CSK vs RR: वैभव सूर्यवंशी की तूफानी फिफ्टी, RR ने CSK को 8 विकेट से रौंदा
IPL 2026: RR की जर्सी में जडेजा का जलवा, पुरानी टीम CSK को दिए गहरे जख्म
