Highlights
PBKS vs KKR: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 12वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम आमने-सामने है. इस मुकाबले में पंजाब की टीम टॉस हारकर पहले गेंदबाजी कर रही है. पंजाब के तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट (Xavier Bartlett) ने अपने पहले ही ओवर में घातक गेंदबाजी करते हुए केकेआर के टॉप आर्डर को पूरी तरह बिखेर दिया. इस दौरान मैदान पर एक बहुत ही मजेदार वाकया देखने को मिला. विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh) ने रन आउट करने के चक्कर में गेंद सीधे गेंदबाज बार्टलेट को दे मारी.
प्रभसिमरन सिंह ने बार्टलेट को मारी गेंद
यह घटना केकेआर की पारी के दूसरे ओवर में हुई. बार्टलेट अपना पहला ओवर डाल रहे थे. ओवर की दूसरी गेंद पर फिन एलन ने स्कूप शॉट खेलने का प्रयास किया. एलन गेंद को बल्ले से नहीं लगा पाए और गेंद सीधे विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह के हाथों में चली गई. इसी बीच एलन रन चुराने के लिए क्रीज से काफी बाहर आ गए. बल्लेबाज को क्रीज से बाहर देखकर प्रभसिमरन ने तुरंत स्टंप्स की तरफ थ्रो फेंका.
लेकिन बीच में गेंदबाज जेवियर बार्टलेट आ गए और गेंद सीधे उनके शरीर पर जा लगी. गनीमत रही कि बार्टलेट को कोई गंभीर चोट नहीं आई. इस घटना के बाद मैदान पर कुछ देर के लिए हंसी-मजाक का माहौल बन गया.
बार्टलेट ने एक ओवर में झटके दो विकेट
गेंद लगने के तुरंत बाद बार्टलेट ने अपनी शानदार स्विंग गेंदबाजी से केकेआर को गहरे झटके दिए. ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने फिन एलन को आउट कर दिया. एलन ने इस गेंद को हवा में खेलने की कोशिश की. गेंद बल्ले का किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर प्रभसिमरन के दस्तानों में चली गई. एलन 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. पूरे ओवर में एलन बार्टलेट की गेंदों के सामने काफी परेशान दिखाई दिए.
कैमरून ग्रीन भी बने शिकार
फिन एलन के आउट होने के बाद कैमरून ग्रीन बल्लेबाजी करने आए. ग्रीन ने आते ही एक शानदार चौका लगाकर अपना खाता खोला. लेकिन बार्टलेट ने ओवर की आखिरी गेंद पर ग्रीन को भी अपना शिकार बना लिया. बार्टलेट ने लेंथ बॉल डाली जिस पर ग्रीन ने शरीर से दूर शॉट खेलने की गलती कर दी. गेंद एक बार फिर विकेटकीपर प्रभसिमरन के हाथों में गई. इस तरह एक ही ओवर में केकेआर ने अपने दो प्रमुख विदेशी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए.
बारिश की वजह से रुका मैच
दो विकेट जल्दी गिरने के बाद केकेआर की टीम भारी दबाव में आ गई. अभी मैच का चौथा ओवर चल ही रहा था कि मैदान पर बारिश शुरू हो गई. बारिश के कारण अंपायरों ने खेल को रोक दिया है. मैच रुकने तक केकेआर की टीम ने 3.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 25 रन बना लिए हैं. फिलहाल क्रीज पर कप्तान अजिंक्य रहाणे 8 रन और अंगकृष रघुवंशी 7 रन बनाकर खेल रहे हैं.
ये भी पढ़ें-
बारिश के बीच ईडन गार्डन्स में दिखे शाहरुख खान, सीईओ वेंकी मैसूर के साथ गंभीर चर्चा
KKR vs PBKS: बारिश से रुका मैच, जानिए कब तक होगा इंतजार और क्या है कट-ऑफ टाइम
KKR vs PBKS: कोलकाता ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, प्लेइंग 11 में हुए 2 बदलाव
