IPL 2026: मुंबई इंडियंस ने 2026 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन की बेहद खराब शुरुआत की है, शुरुआती पांच मैचों में से सिर्फ एक में जीत हासिल की है. हालांकि हर विभाग में खामी है, लेकिन गेंदबाजी इकाई को लगातार असफलताओं के लिए खास तौर से कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है. दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर जैसे गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए हैं, यहां तक कि 1983 वर्ल्ड कप विजेता पूर्व भारतीय क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने फ्रेंचाइजी से बकाया भुगतान करने और दोनों को घर वापस भेजने तक की मांग कर दी है.
एमआई के गेंदबाजों ने अब तक नहीं दिखाया दम
क्रिकेट मैचों, खिलाड़ियों और टीमों के अपने बेबाक विश्लेषण के लिए जाने जाने वाले श्रीकांत को यह बात हैरान करने वाली लगी कि चाहर और शार्दुल, जो इस सीजन में इकॉनमी रेट के हिसाब से सबसे महंगे गेंदबाजों में से दो हैं, अभी भी फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे हैं. श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा, ‘मुझे समझ नहीं आ रहा कि एमआई दीपक चाहर को प्लेइंग इलेवन में क्यों खिला रही है. मुझे यह भी नहीं पता कि उन्होंने उसे क्यों बरकरार रखा है. पहले ओवर में ही उसने 21 रन लुटा दिए. पिछले मैच में 22 रन दिए थे. 2.3 ओवर में 45 रन.’
शार्दुल ने लुटाए काफी रन
उन्होंने आगे कहा, ‘हमारे सर, शार्दुल ठाकुर ने 3 ओवर में 42 रन दिए. दोनों ने मिलकर 5.3 ओवर में 87 रन लुटा दिए. अगर आपके दो अहम गेंदबाज 5.3 ओवर में 87 रन लुटा रहे हों तो आप मैच कैसे जीत सकते हैं? आप उन दोनों को प्लेइंग इलेवन में कैसे खिला सकते हैं? मैंने मैच से पहले के शो में यही सवाल पूछा था. क्या आप कह रहे हैं कि उनके पास गेंदबाजी के अच्छे विकल्प नहीं हैं?’ एमआई प्रबंधन को खरी सलाह देते हुए, श्रीकांत ने मालिकों से चाहर और शार्दुल को उनका बकाया पैसा चुकाने और उन्हें घर भेजने के लिए कहा.
शार्दुल और दीपक पर खूब भड़के श्रीकांत
श्रीकांत ने कहा, ‘उन्हें घर भेज दो. उन्हें उनका पैसा दे दो और उनसे अनुरोध करो कि वे इस सीजन में वापस न आएं. उनसे कह दो कि अगर उनकी जरूरत पड़ी तो उन्हें बुलाया जाएगा. हां, तुम ऐसा कर सकते हो. इसमें कोई बुराई नहीं है.’ चाहर और शार्दुल ने अब तक जमकर रन लुटाए हैं, वहीं मुंबई के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह शुरुआती पांच मैचों में एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं. श्रीकांत का मानना है कि बुमराह को आराम की जरूरत है, क्योंकि पिछले कुछ महीनों में उन पर काफी दबाव रहा है.
बुमराह को आराम की सख्त जरूरत
श्रीकांत ने कहा, ‘पांच मैचों में बुमराह को विकेट नहीं मिले. उनकी खूब पिटाई भी हुई है. उन्हें मानसिक और शारीरिक आराम की जरूरत है. उन्होंने टी20 विश्व कप में अपना पूरा जोर लगा दिया था और उस समय वे अपने चरम पर थे. वे प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट पुरस्कार के दावेदारों में से एक थे. अब उन पर बेवजह बोझ डाला जा रहा है. मुझे समझ नहीं आता कि मैंने सीजन की शुरुआत में इस गेंदबाजी आक्रमण को 9.5 रेटिंग कैसे दी थी. अगर वे 500 रन भी बना लेते, तो विपक्षी टीम उसका पीछा कर लेती. उनका गेंदबाजी आक्रमण इतना खराब है.’
ये भी पढ़ें…
आईपीएल का खिताब सबसे अधिक बार जीतने वाली तीनों टीमें इस सीजन में फिसड्डी क्यों?
GT vs KKR: केकेआर की हार का विलेन कौन, कप्तान अजिंक्य रहाणे ने दिया जवाब
