LSG vs CSK: खुद बाहर होकर लखनऊ ने बिगाड़ा चेन्नई का खेल, मिचेल मार्श के तूफान में उड़ी CSK

लखनऊ सुपर जायंट्स ने 7 विकेट से चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दिया है. इसके साथ ही लखनऊ ने चेन्नई का खेल बिगाड़ दिया है. अब चेन्नई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए सभी मुकाबले जीतने होंगे.

LSG vs CSK: आईपीएल 2026 का 59वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया. इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 7 विकेट से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ लखनऊ ने चेन्नई की राह मुश्किल कर दी है. अब चेन्नई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने सभी मुकाबले जीतने होंगे. जबकि लखनऊ की टीम पहले ही प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है.

लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पावरप्ले के दौरान ही दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए. रुतुराज गायकवाड़ 13 रन बनाकर आउट हो गए. उसके बाद संजू सैमसन भी 20 रन बनाकर चलते बने. वहीं उर्विल पटेल भी 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

कार्तिक शर्मा का अर्धशतक

तीन विकेट गंवाने के बाद चौथे विकेट के लिए कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस के बीच 44 गेंदों में 70 रनों की साझेदारी हुई. 122 के स्कोर पर ब्रेविस 25 रन बनाकर आउट हो गए. इसी दौरान कार्तिक शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा किया. कार्तिक ने 42 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्के के सहारे 71 रनों की पारी खेली. अंत में शिवम दुबे ने नाबाद 32 और प्रशांत वीर ने नाबाद 13 रन बनाए. चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए. लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आकाश सिंह ने 3, शाहबाज अहमद ने 1 और मोहम्मद शमी ने 1 विकेट चटकाए.

लखनऊ की ताबड़तोड़ शुरुआत

इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने ताबड़तोड़ शुरुआत की. पहले पावरप्ले के दौरान लखनऊ ने 86 रन बनाए. इस दौरान मिचेल मार्श ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया. उसके बाद दोनों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की. लखनऊ की टीम ने 8वें ओवर में 100 रनों का आंकड़ा पार किया.

मिचेल मार्श की 90 रनों की पारी

लखनऊ सुपर जायंट्स को पहला झटका 135 के स्कोर के पर लगा. जोश इंग्लिस 35 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं 135 के स्कोर पर ही दूसरा झटका लगा. मिचेल मार्श रन आउट होकर पवेलियन लौटे. मार्श 38 गेंदों में 90 रन बनाकर आउट हो गए. इस पारी के दौरान मार्श ने 9 चौके और 7 छक्के लगाए. अंत में निकोलस पूरन ने नाबाद 32 और मुकुल चौधरी ने नाबाद 13 रन बनाकर मुकाबले को जीत लिया. लखनऊ ने इस मुकाबले को 16.4 ओवर में अपने नाम किया. चेन्नई के लिए मुकेश चौधरी ने 1 और स्पेंशर जॉनसन ने 1 विकेट चटकाए.

यह भी पढ़ें: रुतुराज गायकवाड़ ने रचा इतिहास, CSK के लिए ऐसा कारनामा करने वाले दूसरे कप्तान बने

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ujjawal Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >