KKR vs PBKS: बारिश के कारण मैच रद्द, केकेआर का जीत का सपना रह गया अधूरा

KKR vs PBKS: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा मुकाबला लगातार बारिश के कारण रद्द कर दिया गया. इस नतीजे से केकेआर को बड़ा झटका लगा है. अब केकेआर को सीजन की पहली जीत दर्ज करने के लिए और इंतजार करना होगा. दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिए गए.

KKR vs PBKS: कोलकाता में तेज हवा और बारिश की वजह से ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स का मुकाबला रद्द कर दिया गया. केकेआर को जीत के लिए अब अगले मैच तक का इंतजार करना होगा. दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिए गए. केकेआर के कप्तान आजिंक्य रहाणे ने बारिश की स्थिति को देखते हुए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. मैच समय के अनुसार शुरू जरूर हुआ, लेकिन 3.4 ओवर के खेल के बाद ही तेज बारिश की वजह से मैच को रोकना पड़ा. केकेआर की शुरुआत खराब रही और 3.4 ओवर में टीम ने 25 रन के स्कोर पर अपने दो टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए.

तेज बारिश के साथ आंधी भी

कोलकाता में पहले तो हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई जो बाद में तेज बारिश में बदल गई. इससे पहले सीजन की पहली जीत की तलाश में बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर को बड़ा झटका तब लगा, जब पंजाब की ओर से जेवियर बार्टलेट ने दूसरे ओवर में दो विकेट झटक लिए. बार्टलेट ने सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (6 रन) और कैमरून ग्रीन (4 रन) को तीन गेंद के अंदर आउट करके नाइट राइडर्स को दोहरा झटका दिया. दोनों ही बल्लेबाजों ने विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह को कैच थमाए. इससे केकेआर के रनों की गति भी धीमी पड़ गई.

25 करोड़ी कैमरून ग्रीन पर उठ रहे सवाल

कैमरून ग्रीन अब सवालों के घेरे में खड़े हैं. केकेआर ने ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये की कीमत के साथ सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया है, लेकिन उनका खराब प्रदर्शन जारी रहा. इससे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दो रन बनाए थे. केकेआर की टीम अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी है. अब तीसरे मैच में भी उसे एक ही अंक से संतोष करना पड़ा. बारिश के कारण जब खेल रोका गया तब कप्तान अजिंक्य रहाणे आठ जबकि युवा विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी सात रन बनाकर खेल रहे थे.

शाहरूख खान थे स्टेडियम में मौजूद

मैच के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार और नाइट राइडर्स के सह मालिक शाहरुख खान भी दर्शकों के बीच मौजूद हैं. वह इस सीजन में पहली बार केकेआर का मैच देखने स्टैंड में थे. संयोग से पिछले सीजन में भी ईडन गार्डन्स में केकेआर और पंजाब किंग्स के बीच हुआ मैच (26 अप्रैल 2025) बारिश की वजह से प्रभावित हुआ था और दोनों टीम को एक-एक अंक बांटना पड़ा था. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाले पंजाब किंग्स ने चार विकेट पर 201 रन बनाए थे जिसके बाद नाइट राइडर्स ने जब बिना कोई विकेट खोए सात रन बनाए थे तो बारिश आ गई और मैच रद्द हो गया.

ये भी पढ़ें…

IPL Points Table 2026: विराट कोहली की बेंगलुरु बनी नंबर 1, CSK की हालत सबसे खराब

संजू सैमसन का फ्लॉप शो जारी, उठे सवाल, कोच फ्लेमिंग और डुप्लेसी ने ऐसे किया बचाव

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >