बैसाखी के सहारे अवॉर्ड लेने पहुंचा KKR का यह गेंदबाज, IPL 2026 से बाहर होना तय!

Harshit Rana on Crutches: कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो सकते हैं. हाल ही में हुए बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स में उन्हें बैसाखी के सहारे चलते देखा गया. उन्हें बेस्ट इंटरनेशनल डेब्यू का अवॉर्ड मिला, लेकिन वह स्टेज पर भी नहीं चढ़ पाए.

Harshit Rana on Crutches:  बीसीसीआई ने 15 मार्च 2026 को सालाना नमन अवॉर्ड्स का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में साल भर बेहतरीन खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. इस दौरान भारत और कोलकाता नाइट राइडर्स के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा बैसाखी के सहारे कार्यक्रम में पहुंचे. उनके घुटने में चोट है और उन्हें चलने में काफी परेशानी हो रही है. इस चोट के कारण उनका आईपीएल 2026 में खेलना मुश्किल लग रहा है.

हर्षित को मिला बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड

नमन अवॉर्ड्स में हर्षित राणा को ‘बेस्ट इंटरनेशनल डेब्यू (मेन)’ का खिताब मिला है. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो खूब देखा जा रहा है. इस वीडियो में हर्षित बैसाखी के सहारे धीरे-धीरे चलते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो देखकर साफ पता चलता है कि वह पूरी तरह से फिट नहीं हैं. फैंस भी अपने चहेते खिलाड़ी की इस हालत को देखकर चिंता में आ गए हैं.

स्टेज पर नहीं चढ़ पाए हर्षित

चोट इतनी गहरी है कि हर्षित राणा अवॉर्ड लेने के लिए स्टेज की सीढ़ियां भी नहीं चढ़ पाए. ऐसे में आईपीएल के चेयरमैन अरुण धूमल ने खुद नीचे आकर उन्हें यह सम्मान दिया. अरुण धूमल ने हर्षित का हौसला भी बढ़ाया. हर्षित ने बहुत कम समय में अपनी तेज गेंदबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है. लेकिन फिलहाल वह रिकवरी के कारण क्रिकेट के मैदान से दूर हैं.

प्रैक्टिस मैच में हुए थे घायल

हर्षित राणा को यह चोट टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले लगी थी. टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक वार्म-अप मैच खेल रही थी. इसी मैच में हर्षित के घुटने में चोट लग गई. चोट के कारण उन्हें तुरंत वर्ल्ड कप टीम से बाहर होना पड़ा और मोहम्मद सिराज को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया. इसके बाद 9 फरवरी 2026 को मुंबई के एक अस्पताल में हर्षित के घुटने का सफल ऑपरेशन हुआ. डॉक्टर्स ने उन्हें पूरी तरह से ठीक होने के लिए दो से तीन महीने आराम करने की सलाह दी है.

IPL 2026 से बाहर होना लगभग तय

आईपीएल का नया सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है. ऑपरेशन के बाद हर्षित राणा का इतनी जल्दी मैदान पर वापसी करना संभव नहीं है. ऐसे में उनका इस सीजन से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है. यह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए बहुत बड़ा नुकसान है. हर्षित पिछले कुछ सीजन से अपनी टीम के लिए आखिरी ओवर्स के सबसे अहम गेंदबाज रहे हैं. साल 2024 में केकेआर को चैंपियन बनाने में भी हर्षित ने बड़ी भूमिका निभाई थी.

ये भी पढ़ें-

क्या आपको पता है शुभमन गिल का टारगेट? वनडे वर्ल्ड कप से पहले दिया बयान

पहले कभी नहीं देखा होगा संजू का ऐसा अंदाज, अवॉर्ड शो की वैभव की मिमिक्री

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >