IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद शनिवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के उद्घाटन मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी. निराशाजनक 2025 सीजन में छठे स्थान पर रहने के बाद, एसआरएच नये सीजन की शुरुआत अपने नियमित कप्तान पैट कमिंस के बिना करेगी. कमिंस पीठ की चोट के कारण आधे टूर्नामेंट से बाहर हैं. कमिंस की गैरमौजूदगी में हैदराबाद की कप्तानी युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन करेंगे. आरसीबी के खिलाफ यह मैच बाएं हाथ के बल्लेबाज किशन के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी.
किशन बनेंगे सबसे कम उम्र के भारतीय कप्तान
27 साल और 253 दिन की उम्र में, ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद के आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र के भारतीय कप्तान बन जाएंगे. कुल मिलाकर, वह न्यूजीलैंड के केन विलियमसन के बाद फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के कप्तान होंगे, जिन्होंने 2018 सीजन में एसआरएच की कप्तानी करते समय 27 साल और 244 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी. शिखर धवन, मनीष पांडे और भुवनेश्वर कुमार उन अन्य भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने पहले आईपीएल में एसआरएच की कप्तानी की है.
आधे सीजन में किशन करेंगे सनराइजर्स की कप्तानी
इससे पहले शुक्रवार को, मुख्य कोच डेनियल वेटोरी ने किशन को स्टैंड इन कप्तान नियुक्त करने के टीम के फैसले पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि प्रबंधन को उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपने में कोई संकोच नहीं हुआ, क्योंकि उन्होंने खुद को एक आत्मविश्वासी खिलाड़ी और नेता साबित किया है. शुक्रवार को मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में वेटोरी ने कहा, ‘मुझे लगता है कि ईशान काफी लंबे समय से आईपीएल में हैं. वह कई टीमों के साथ खेल चुके हैं और बेहद सफल रहे हैं, इसलिए वह अपने साथ आत्मविश्वास लेकर आते हैं.’
अभिषेक और किशन की जोड़ी दिखाएगी दम
वेटोरी ने कहा, ‘उन्होंने अंडर-19 टीम और अपनी राज्य टीम का नेतृत्व किया है और इस साल उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती है. किशन एक आत्मविश्वासी व्यक्ति, एक आत्मविश्वासी खिलाड़ी और वास्तव में एक आत्मविश्वासी नेता होने का प्रमाण देते हैं और ये वे गुण हैं जिन्हें हमने उनकी नियुक्ति के समय ध्यान में रखा था.’ उन्होंने आगे कहा, ‘अभिषेक के साथ उनकी जोड़ी अच्छी है, वे अच्छे दोस्त हैं, वे टीम को बहुत अच्छी तरह से जानते हैं और मुझे वास्तव में लगता है कि ये दोनों इस सीजन में आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगे.’
ये भी पढ़ें…
RCB vs SRH IPL 2026: एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बरसेंगे रन या गेंदबाजों की होगी बल्ले-बल्ले
