Highlights
Ricky Ponting Mantra: आईपीएल 2026 के लिए पंजाब किंग्स ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है. टीम के हेड कोच रिकी पोंटिंग कैंप में आ गए हैं. उन्होंने प्लेयर्स को गेम की प्रक्रिया पर ध्यान देने को कहा है. पिछले साल की रनरअप पंजाब किंग्स अपना पहला मैच 31 मार्च को खेलेगी. यह मुकाबला 2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस के सामने न्यू चंडीगढ में होगा. कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच रिकी पोंटिंग की जोड़ी इस बार टीम को पहली ट्रॉफी जिताने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. पंजाब की टीम अभी भी अपने पहले आईपीएल खिताब की तलाश में है.
31 मार्च को मुल्लानपुर में होगा पहला मैच
पंजाब की टीम 31 मार्च को मुल्लानपुर में अपना ओपनिंग मैच खेलेगी. इस चुनौती के लिए टीम ने कमर कस ली है. पोंटिंग ने ट्रेनिंग के समय कहा कि यह हमारी तैयारी का अहम वक्त है. हम 31 तारीख के लिए खुद को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक तौर पर तैयार कर रहे हैं. उन्होंने सभी प्लेयर्स से कहा कि वे याद करें कि पिछले साल उन्होंने क्या अच्छा किया था. उसी अच्छे प्रदर्शन की वजह से टीम एक मजबूत यूनिट बन पाई थी.
गेम प्लान पर टिके रहना है सबसे जरूरी
हेड कोच ने सभी को सीधा मैसेज दिया है कि मैदान पर चूक होना आम बात है. उन्होंने कहा कि हम सभी से गलतियां होती हैं. कोच के तौर पर मुझसे भी कमी रह सकती है. मैच में आप भी कैच छोडेंगे, खराब शॉट खेलेंगे या गेंदबाज खराब ओवर फेकेगा. लेकिन अगर आप अपनी तय रणनीति के हिसाब से खेल रहे हैं, तो मेरी नजर में वह गलती नहीं है. यह सब खेल का एक हिस्सा मात्र है और इससे घबराने की कोई जरूरत नहीं है.
पिछले सीजन में टीम पहुंची थी फाइनल
आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स का खेल बहुत शानदार रहा था. टीम ने लीग स्टेज में 19 अंक हासिल किए थे और पॉइंट्स टेबल में टॉप पर जगह बनाई थी. हालांकि, खिताबी मुकाबले में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों 6 रन से हार मिली थी. अहमदाबाद में खेले गए उस मैच में मिली करीबी हार के कारण पंजाब का 18 साल का इंतजार खत्म नहीं हो सका था.
श्रेयस अय्यर रहे थे सबसे सफल बल्लेबाज
पिछले साल पंजाब के बल्लेबाजों ने कमाल किया था. कप्तान श्रेयस अय्यर टीम के लिए सबसे भरोसेमंद प्लेयर बनकर सामने आए थे. उन्होंने 17 पारियों में 50.33 की औसत से कुल 604 रन बनाए थे. इस साल भी फैंस को कप्तान से ऐसे ही दमदार प्रदर्शन की आस है. टीम का लक्ष्य इस बार पुरानी कमियों से सीख कर खिताब अपने नाम करना है.
ये भी पढ़ें-
BCCI का एक्शन, IPL 2026 से पहले 7 नए कानून लागू, पढ़ें पूरी लिस्ट
IPL 2026 से पहले चमकी रिंकू सिंह की किस्मत, यूपी सरकार ने दी नौकरी
सुपरमैन बने मनीष पांडे! 36 की उम्र में हवा में उड़कर लपका कैमरून ग्रीन का कैच
