Highlights
GT vs RR: आईपीएल 2026 के नौवें मैच में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीमें आमने-सामने हैं. यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. कप्तान रियान पराग का यह फैसला सही साबित हुआ. राजस्थान की ओपनिंग साझेदारी 70 रन की हुई. वहीं RR ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए. राजस्थान के लिए ध्रुव जुरेल ने 75 रन की शानदार पारी खेली.
GT vs RR: गुजरात को मिला 211 रन का टारगेट
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम की शुरुआत अच्छी रही. टीम की सलामी जोड़ी ने 70 रन की साझेदारी की. इसके बाद युवा वैभव सूर्यवंशी 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे. लेकिन इसके बाद दूसरे विकेट के लिए यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल ने 56 रन की पार्टनरशिप की. वहीं यशस्वी जायसवाल ने इस मुकाबले में अपने बल्ले से 6 चौके और तीन छक्कों की मदद से 36 गेंद पर 55 रन की पारी खेली.
इसके अलावा ध्रुव जुरेल ने राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए. उन्होंने 42 गेंद में 75 रन की पारी खेली. जुरेल के बल्ले से इस पारी में पांच चौके और 5 छक्के निकले. इसके अलावा गुजरात टाइटंस के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे कगिसो रबाड़ा. उन्होंने 4 ओवर में 42 रन देकर दो विकेट चटकाए. वहीं कप्तान राशिद खान, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक विकेट मिला.
GT vs RR: प्लेइंग इलेवन में हुए अहम बदलाव
इस मुकाबले के लिए राजस्थान और गुजरात दोनों ही टीमों ने अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव किए हैं. राजस्थान रॉयल्स की टीम में तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे टीम के अंदर आ रहे हैं. वही गुजरात टाइटंस ने युवा प्लेयर कुमार कुशाग्र को मौका दिया है. कुशाग्र अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे हैं और राशिद खान भी उन्हें मैदान पर खेलते हुए देखने के लिए काफी उत्सुक हैं.
GT vs RR: दोनों टीमों के प्लेयर्स की लिस्ट
गुजरात टाइटंस की टीम: कुमार कुशाग्र, साई सुदर्शन, जॉस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, राशिद खान (कप्तान), कगिसो रबाड़ा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.
राजस्थान रॉयल्स इम्पैक्ट सब: रवि बिश्नोई, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, शुभम दुबे, ब्रिजेश शर्मा, रवि सिंह.
राजस्थान रॉयल्स की टीम: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा.
गुजरात टाइटंस इम्पैक्ट सब्स: शाहरुख खान, जेसन होल्डर, मानव सुथार, अनुज रावत, जयंत यादव.
GT vs RR: रियान पराग ने बताया टीम का लक्ष्य
टॉस जीतने के बाद राजस्थान के युवा कप्तान रियान पराग ने साफ किया कि वह बोर्ड पर एक विशाल स्कोर बनाना चाहते हैं. पराग का मानना है कि एक अच्छी टीम वही है जो हर तरह की परिस्थितियों में ढलना जानती हो. कप्तान के मुताबिक उनकी टीम का लक्ष्य पहले खेलते हुए 210 रन के आसपास का मजबूत स्कोर बनाना है. उन्हें पूरी उम्मीद है कि इतने रन बनाने के बाद उनके गेंदबाज इस लक्ष्य को आसानी से बचा लेंगे.
GT vs RR: गिल की जगह राशिद संभाल रहे कमान
शुभमन गिल मांसपेशियों में खिंचाव के कारण इस अहम मुकाबले से बाहर बैठे हैं. उनके स्थान पर अनुभवी प्लेयर राशिद खान गुजरात टाइटंस की कप्तानी कर रहे हैं. टॉस के दौरान राशिद खान ने गिल की चोट पर बात की. उन्होंने कहा कि गिल को मसल स्पाज्म है और उम्मीद है कि वह बहुत जल्दी मैदान पर वापसी करेंगे. राशिद ने बताया कि अगर वह टॉस जीतते तो उनका इरादा भी पहले गेंदबाजी करने का ही था. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी टीम को यहां अपना सौ प्रतिशत देना होगा.
ये भी पढ़ें-
रणजी में हिट और IPL 2026 में फ्लॉप, केएल राहुल लगातार दूसरे मैच में रहे नाकाम
DC vs MI: मुकेश कुमार की घातक गेंदबाजी, तिलक वर्मा को फंसाकर पलटा मैच
लंदन शिफ्ट होने पर फैंस ने कोहली को कहा विदेशी खिलाड़ी, विराट ने तोड़ी चुप्पी
