GT vs MI: तिलक वर्मा के दमदार शतक के दम पर मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 200 रनों का लक्ष्य दिया है. एमआई से ज्यादातर बैटर जहां रन बनाने के लिए जूझते नजर आए, वहीं तिलक ने 45 गेंद पर 101 रनों की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को अंतिम गेंद पर 199 के स्कोर तक पहुंचा दिया. उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 8 चौके जड़े. जीटी को अब यह मुकाबला जीतने के लिए 20 ओवर में 200 रन बनाने होंगे. जीटी के लिए कगिसो रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे और पावर प्ले में ही तीन विकेट चटकाए.
जीटी ने टॉस जीतकर किया था गेंदबाजी का फैसला
सोमवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. एमआई के पास पहले बैटिंग करते हुए एक बड़ा स्कोर करने का मौका है. एमआई के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम लगातार हार रही है. पांच मैचों में चार हार के बाद जीटी पॉइंट टेबल में सबसे नीचे दसवें नंबर पर है. वहीं, शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस पांच मैचों में तीन जीत और दो हार के बाद छठे नंबर पर है. एक जीत इस टीम को कम से कम चौथे नंबर पर पहुंचा देगी.
गुजरात की टीम में कोई बदलाव नहीं
टॉस जीतने के बाद जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘यह एक ठीक-ठाक विकेट लग रहा है. पिछले मैच में थोड़ी ओस थी, इसलिए अगर आज भी ओस होती है, तो मुझे लगता है कि पहले बल्लेबाजी करना ज्यादा सही रहेगा. बोर्ड पर कोई टारगेट होना और फिर उसे चेज करने की कोशिश करना हमेशा अच्छा होता है, लेकिन हम पहले गेंदबाजी करेंगे. मुझे लगता है कि जिस तरह से हमने शुरुआत में गेंदबाजी की है, वह हमारे लिए एक बहुत बड़ी पॉजिटिव बात रही है. उम्मीद है कि हम शुरुआत में अपनी गेंदबाजी की लय बनाए रखेंगे और फिर बीच के ओवरों में राशिद खान हमारे लिए बहुत अच्छे रहे हैं. इसलिए उम्मीद है कि हम सभी इसी तरह खेलते रहेंगे. टीम में कोई बदलाव नहीं है.’
गुजरात टाइटंस की प्लेइंग XI
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, अशोक शर्मा.
एमआई के लिए दो खिलाड़ियों का डेब्यू
टॉस के बाद एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा, ‘हम भी पहले फील्डिंग ही चुनते. जाहिर है, एक ग्रुप के तौर पर यह हमारा आखिरी मैच है. हमें फिर से एकजुट होना था और इस बारे में बात करनी थी कि मुंबई इंडियंस किस चीज के लिए जानी जाती है और हम किस तरह का खेल खेलना चाहते हैं. हमने काफी बातचीत की. लोग इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. मुझे लगता है कि हमें कुल मिलाकर बेहतर क्रिकेट खेलने की जरूरत है. मैं किसी एक खास चीज पर उंगली नहीं उठा सकता. हमारी टीम में कुछ नये खिलाड़ी डेब्यू कर रहे हैं. दानिश मालेवार एमआई के लिए अपना पहला मैच खेल रहे हैं और कृष भगत भी.
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग XI
दानिश मालेवार, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर.
ये भी पढ़ें…
प्रियांश आर्या ने बताया तूफानी पारी का राज, बोले- छक्कों पर नहीं, क्रीज पर टिकने पर है फोकस
PBKS vs LSG: कुछ शॉट तो होश उड़ा देने वाले थे, पढ़ें श्रेयस अय्यर ने किसकी की जमकर तारीफ
