Highlights
Arjun Tendulkar LSG Video: अर्जुन तेंदुलकर आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते नजर आएंगे. मुंबई इंडियंस से ट्रेड होने के बाद वह लखनऊ की टीम का हिस्सा बने हैं. पिछले सीजन में मुंबई ने उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं दिया था. अब लखनऊ की जर्सी में अर्जुन ने अभ्यास मैच के दौरान अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाना शुरू कर दिया है.
वॉर्म अप मैच में दिखाया कमाल
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अपने पहले वॉर्म अप मैच में अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार गेंदबाजी की. लखनऊ की टीम ने सोशल मीडिया पर उनकी गेंदबाजी का एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में 26 साल के अर्जुन अपनी सटीक वाइड यॉर्कर गेंदों से बल्लेबाजों को परेशानी में डालते दिख रहे हैं. उन्होंने इस अभ्यास मैच में दो बल्लेबाजों को आउट किया.
वाइड यॉर्कर से हासिल की सफलता
टीम की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में अर्जुन ने पहली सफलता एक बल्लेबाज को बोल्ड करके हासिल की. बल्लेबाज ने उनकी वाइड यॉर्कर गेंद को फाइन लेग के ऊपर से स्कूप करने का प्रयास किया. गेंद बल्ले का किनारा लेकर सीधे मिडिल स्टंप पर जा लगी. इसके बाद अर्जुन ने एक और बेहतरीन वाइड यॉर्कर फेंकी. इसे दूसरे बल्लेबाज ने फुल टॉस बनाकर लेग साइड में खेलने की कोशिश की. गेंद और बल्ले का सही से संपर्क नहीं हुआ. बाउंड्री लाइन पर दौड़ लगाते हुए एनरिच नॉर्तजे ने एक शानदार कैच पकड़ कर अर्जुन को दूसरी सफलता दिलाई.
अर्जुन का पुराना आईपीएल करियर
अर्जुन तेंदुलकर ने साल 2023 में मुंबई इंडियंस की तरफ से अपना आईपीएल डेब्यू किया था. हालांकि, उन्हें अब तक बहुत ज्यादा मौके नहीं मिल पाए हैं. अर्जुन ने अपने छोटे से आईपीएल करियर में कुल 5 मैच ही खेले हैं. इन पांच मैचों में उन्होंने 9.37 की इकॉनमी रेट से रन खर्च करके 3 विकेट अपने नाम किए हैं. अब लखनऊ की टीम के साथ जुड़कर वह अपने करियर में आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे.
प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना चुनौती
आईपीएल 2026 के इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स अपना पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलने वाली है. यह मैच लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. लखनऊ की टीम के पास पहले से ही आवेश खान, मोहसिन खान, मोहम्मद शमी और मयंक यादव जैसे बेहतरीन गेंदबाज मौजूद हैं.
इसके अलावा विदेशी गेंदबाजों में एनरिक नॉर्खिया भी टीम का हिस्सा हैं. इतने बड़े नामों की मौजूदगी में अर्जुन को शुरुआती मैचों की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना काफी मुश्किल दिखाई देता है. हालांकि, अर्जुन निचले क्रम में अच्छी बल्लेबाजी करते हुए छक्के-चौके लगा सकते हैं. ऐसे में टीम की जरूरत पड़ने पर उन्हें अंतिम ग्यारह में मौका दिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें-
PBKS vs GT: पंजाब ने जीता टॉस, गुजरात की बैटिंग, ऐसी है प्लेइंग 11
15 साल के वैभव ने 15 गेंद में जड़ी फिफ्टी, रियान पराग ने खोला ड्रेसिंग रूम का राज
IPL 2026 के बीच दुखद खबर, मुंबई के होटल में मिला BCCI के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर का शव
