Abhishek Sharma Poor Records: आईपीएल 2026 के हाई-वोल्टेज एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स द्वारा दिए गए 244 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद को अभिषेक शर्मा से एक आतिशी शुरुआत की उम्मीद थी. लेकिन तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपनी घातक गेंदबाजी से इस उम्मीद पर पानी फेर दिया. अभिषेक अपनी दूसरी ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जिसने हैदराबाद को बैकफुट पर धकेल दिया है.
बड़े मैचों के खिलाड़ी नहीं हैं अभिषेक शर्मा
दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के आंकड़े सामान्य मैचों में जितने अच्छे हैं, नॉकआउट मैचों में उतने ही निराशाजनक हैं. ओवरऑल टी20 में 176 के स्ट्राइक रेट, 33 की औसत, 9 शतक और 36 फिफ्टी लगाने वाले अभिषेक की क्लास पर कोई शक नहीं है. लेकिन जैसे ही नॉकआउट मुकाबलों का दबाव आता है, उनकी बल्लेबाजी बिखर जाती है. टी20 क्रिकेट के 15 नॉकआउट मैचों में उनके बल्ले से महज 17.21 की साधारण औसत और 136 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 241 रन निकले हैं. ये आंकड़े साफ दर्शाते हैं कि दुनिया का यह नंबर-1 बल्लेबाज बड़े मैचों के दबाव को झेलने में फिलहाल नाकाम साबित हो रहा है.
नॉकआउट मुकाबले में फ्लॉप शो
सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए नॉकआउट मुकाबले किसी बुरे सपने जैसे रहे हैं. आंकड़ों पर नज़र डालें तो वह टी20 नॉकआउट मैचों में 10 बार 9 या उससे कम के स्कोर पर आउट हो चुके हैं. इतिहास गवाह है कि चाहे घरेलू क्रिकेट हो, आईपीएल हो या इंटरनेशनल मैच, अभिषेक का बल्ला अहम मौकों पर खामोश रहा है. 2023 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वह गोल्डन डक हुए. आईपीएल 2024 के प्लेऑफ की 3 पारियों में सिर्फ 17 रन बना पाए और एशिया कप 2025 के फाइनल में भी महज 5 रन पर ढेर हो गए. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एलिमिनेटर में उनका शून्य पर आउट होना इसका बड़ा उदाहरण है.
नॉकआउट का अनोखा कॉम्बिनेशन
अभिषेक शर्मा के नॉकआउट आंकड़े बेहद अजीब कहानी बयां करते हैं. जहाँ एक तरफ वह 15 पारियों में 10 बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए. वहीं दूसरी तरफ जब भी वह क्रीज पर टिके, उन्होंने अपनी टीम को सीधे मैच जिताया. उनके करियर की 3 सबसे बड़ी नॉकआउट पारियां इसका सबूत हैं. इसका सबसे बड़ा उदाहरण टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में देखने को मिला, जहाँ पूरे टूर्नामेंट में फ्लॉप रहने के बाद उन्होंने फाइनल में सिर्फ 21 गेंदों पर 52 रन कूट दिए. इससे पहले घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने पंजाब के लिए 2023 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल में दिल्ली के खिलाफ 77 रन (45 गेंद) और 2022 में हरियाणा के खिलाफ नाबाद 55 रन बनाए थे. साफ है कि अभिषेक ‘आर या पार’ वाले खिलाड़ी हैं; वह जब चलते हैं, तो विपक्षी टीम को मैच से बाहर कर देते हैं.
यह भी पढ़े- मैच से पहले वैभव ने छुए सुनील गावस्कर और संजय बांगर के पैर, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
