रोहित शर्मा के नाम नया रिकॉर्ड, धोनी-कोहली के क्लब में हुई एंट्री, ऐसा करने वाले छठे खिलाड़ी बने

भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जा रहा है. यह मैच न केवल सीरीज के लिहाज से अहम है, बल्कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के लिए भी यह एक ऐतिहासिक दिन बन गया है. उन्होने भारत में अपना 100 वां मैच खेला है.

भारत बनाम न्यूजीलैंड (IND vs NZ) मैच में टॉस हारने के बाद कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ शानदार बैटिंग की. न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 337 रनों का स्कोर खडा किया है. वहीं, जब टीम रोहित शर्मा (Rohit Sharma) मैदान पर उतरे, तो उन्होंने एक खास सेंचुरी को पूरा कर लिया. यह शतक रनों का नहीं, बल्कि मैचों का है. रोहित शर्मा अब उस एलीट लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिसमें सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली (Virat Kohli) जैसे दिग्गज पहले से मौजूद हैं.

न्यूजीलैंड ने दी 338 रनों की चुनौती 

इंदौर का होलकर स्टेडियम अपनी छोटी बाउंड्री और रनों की बारिश के लिए जाना जाता है. आज भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उडा दीं. कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 337 रन टांग दिए. सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में यह निर्णायक मैच है. भारत को अगर यह सीरीज अपने नाम करनी है, तो उसे अब इस पहाड जैसे लक्ष्य को हासिल करना होगा. भारतीय बल्लेबाजों के लिए यह एक कडी परीक्षा होने वाली है.

रोहित शर्मा का घर पर मैचों की सेंचुरी 

रोहित शर्मा जब इंदौर वनडे खेलने मैदान पर उतरे, तो यह उनके करियर का एक यादगार लम्हा बन गया. यह भारतीय सरजमीं पर रोहित शर्मा का 100वां वनडे मैच था. वह भारत में 100 वनडे मैच खेलने वाले सिर्फ छठे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में रोहित की गिनती दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में होती है और यह आंकड़ा उनकी महानता की गवाही देता है.

सचिन और विराट के क्लब में एंट्री 

रोहित शर्मा से पहले केवल पांच भारतीय खिलाड़ी ही अपने देश में 100 या उससे ज्यादा वनडे मैच खेल पाए हैं. इस लिस्ट में सबसे ऊपर सचिन तेंदुलकर जिन्होंने भारत में 164 मैच खेले हैं. उनके अलावा विराट कोहली (130 मैच), एमएस धोनी (127 मैच), मोहम्मद अजहरुद्दीन (113 मैच) और युवराज सिंह (108 मैच) ने यह कारनामा किया है. अब रोहित शर्मा (100 मैच) भी इस शाही क्लब का हिस्सा बन गए हैं.

100वें मैच में खामोश रहा हिटमैन का बल्ला 

रोहित शर्मा का भारत में रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. उन्होंने घर पर खेले 100 मैचों की 99 पारियों में 55.75 की औसत से 5074 रन बनाए हैं, जिसमें 14 शतक शामिल हैं. हालांकि, उनका 100वां मैच उनके लिए बल्लेबाजी के लिहाज से अच्छा नहीं रहा. साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले रोहित इस मैच में सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए. पूरी सीरीज में उनका बल्ला खामोश ही रहा है और तीन मैचों में वह केवल 61 रन ही बना सके. फैंस को उम्मीद थी कि इस खास मैच में रोहित बडी पारी खेलेंगे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी.

टीम इंडिया की राह हुई मुश्किल 

रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद भारत के लिए 338 रनों का पीछा करना और भी मुश्किल हो गया है. होलकर स्टेडियम में फैंस को उम्मीद थी कि कप्तान अपनी टीम को फ्रंट से लीड करेंगे और सीरीज जीत का तोहफा देंगे. अब टीम के बाकी बल्लेबाजों पर जिम्मेदारी है कि वे इस विशाल स्कोर को चेज करें. अगर भारत यह मैच हारता है, तो सीरीज भी हाथ से निकल जाएगी.

ये भी पढ़ें-

Video: Live Match में दिखा विराट का अलग अंदाज, पहले बजाई ताली फिर दिया धक्का, डेरिल मिचेल भी नहीं रोक पाए हंसी

Daryl Mitchell Century: इंदौर में मिचेल ने लगाई सेंचुरी, भारत के खिलाफ चौथी बार किया यह कारनामा

IND vs NZ: हर्षित राणा vs डेवोन कॉनवे, इस सीरीज में कैसे है आकड़े? कितनी बार हुए आउट, जानें सबकुछ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >