Highlights
ICC Rankings: अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) का बल्ला इन दिनों आग उगल रहा है. ताजा रैंकिंग में उन्होंने अपनी बादशाहत और भी मजबूत कर ली है. पिछली बार उनकी रेटिंग 903 के आसपास थी, जो अब बढ़कर 929 हो गई है. यह एक बहुत बड़ी छलांग है. आपको बता दें कि अभिषेक अब एक नया इतिहास रचने के बेहद करीब हैं. साल 2025 में उनकी रेटिंग 931 तक गई थी, और अब वे अपने उस रिकॉर्ड से सिर्फ दो अंक दूर हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ अभी सीरीज के दो मैच बचे हैं. अगर इन मैचों में उनका बल्ला चला, तो वे टी20 रैंकिंग के इतिहास में एक नए शिखर पर पहुंच जाएंगे.
सूर्या की टॉप-10 में धाकड़ एंट्री
अभिषेक के बाद जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है, वे हैं कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav). सूर्या कुछ समय के लिए टॉप-10 से बाहर हो गए थे, लेकिन शेर की वापसी हमेशा खतरनाक होती है. इस नई लिस्ट में उन्होंने सीधे पांच पायदान की छलांग लगाई है और अब वे नंबर 7 पर विराजमान हो गए हैं. उनकी मौजूदा रेटिंग 717 है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले दो मैचों में उन्होंने लगातार दो अर्धशतक जड़े और दोनों बार नाबाद पवेलियन लौटे. उनकी इसी शानदार फॉर्म का इनाम उन्हें आईसीसी ने दिया है.
नंबर-1 और नंबर-2 में बड़ा अंतर
ICC की इस लिस्ट को ध्यान से देखें तो पता चलता है कि अभिषेक शर्मा ने अपनी कुर्सी कितनी सुरक्षित कर ली है. दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के फिल साल्ट हैं, जिनकी रेटिंग 849 है. यानी पहले और दूसरे नंबर के खिलाड़ी के बीच अब फासला और भी ज्यादा बढ़ गया है. जिस तरह से अभिषेक खेल रहे हैं, अगर वे आने वाले टी20 वर्ल्ड कप में नंबर वन बल्लेबाज बनकर जाएं, तो किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा भारतीय टीम के युवा सितारे तिलक वर्मा भी 781 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर मजबूती से टिके हुए हैं.
हेड और मार्श को हुआ भारी नुकसान
जहां एक तरफ भारतीय खिलाड़ियों की बल्ले-बल्ले हुई है, वहीं विदेशी खिलाड़ियों को नुकसान उठाना पड़ा है. सूर्यकुमार यादव की लंबी छलांग का असर ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों पर पड़ा है. ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श और टिम साइफर्ट को एक-एक स्थान नीचे खिसकना पड़ा है. हालांकि, ये सभी अभी भी टॉप-10 में बने हुए हैं. कुल मिलाकर देखें तो टॉप-10 में भारत के तीन शेर शामिल हैं- अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव. न्यूजीलैंड सीरीज के बचे हुए मैचों के बाद इस लिस्ट में और भी रोमांचक बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
ये भी पढ़ें-
IND vs NZ 4th T20: विशाखापट्टनम में जीत के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया, जानिए मौसम और पिच का पूरा हाल
