Ben Stokes: इंग्लैंड के कप्तान और स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. 35 वर्षीय स्टोक्स ने घोषणा करते हुए कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहा तीसरा टेस्ट मैच उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला होगा. स्टोक्स ने चौथे दिन का खेल शुरू होने से पहले अपने साथियों को इस फैसले की जानकारी दी. ड्रेसिंग रूम में भावुक अंदाज में उन्होंने खिलाड़ियों से आखिरी बार टीम के लिए अपना सबकुछ झोंक देने की अपील की.
साथियों के सामने हुए भावुक
टीम मीटिंग में स्टोक्स ने कहा, “मैंने इस टीम के लिए कई बार खुद को पूरी तरह झोंका है और अब मेरे पास बस एक आखिरी मौका बचा है. मैं सिर्फ इतना चाहता हूं कि अगले दो दिनों में हर खिलाड़ी अपना 100 प्रतिशत दे.” उनके इस संबोधन के कुछ ही देर बाद जब स्टेडियम में दर्शकों को संन्यास की खबर मिली, तो पूरा माहौल भावुक हो गया. इसी दौरान स्टोक्स ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज जैक फॉल्क्स का विकेट भी चटकाए.
शानदार रहा करियर
बेन स्टोक्स को इंग्लैंड क्रिकेट के इतिहास के महानतम ऑलराउंडरों में गिना जाता है. 2019 वनडे विश्व कप फाइनल में उनकी 84 रन की यादगार पारी की बदौलत इंग्लैंड ने पहली बार विश्व कप का खिताब जीता था. इसके कुछ सप्ताह बाद ही उन्होंने एशेज 2019 के हेडिंग्ले टेस्ट में 135* रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया के जबड़े से जीत छीन ली थी. उनके इसी प्रदर्शन ने उन्हें दुनिया के सबसे बड़े मैच विनरों में शामिल कर दिया.
अंतरराष्ट्रीय करियर के आंकड़े
| फॉर्मेट | मैच | रन | शतक | विकेट |
|---|---|---|---|---|
| टेस्ट | 122 | 7243 | 14 | 251 |
| वनडे | 114 | 3463 | 5 | 74 |
| टी20I | 43 | 585 | 0 | 26 |
स्टोक्स ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 279 मैच खेले, 11,000 से अधिक रन बनाए और 351 विकेट हासिल किए. उन्होंने 44 टेस्ट मैचों में इंग्लैंड की कप्तानी भी की. बेन स्टोक्स ने हाल में ही जैक कैलिस के क्लब में शामिल हुए थे. स्टोक्स टेस्ट क्रिकेट में 7000 से ज्यादा रन और 250 से ज्यादा विकेट लेने वाले इंग्लैंड के पहले और दुनिया के दूसरे ऑलराउंडर बने थे.
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया में दो नए खिलाड़ियों का डेब्यू, वैभव सूर्यवंशी से पहले प्रिंस यादव और शेडगे को मिला मौका
