राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़कर स्टीव स्मिथ ने रचा इतिहास, विराट और विलियम्सन से पहले हासिल किया बड़ा मुकाम

AUS vs SL: ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच गॉल में पहला टेस्ट मैच आज से शुरू हुआ. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है.

AUS vs SL: ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने बुधवार को श्रीलंका दौरे पर गॉल में अपने पहले ही स्कोरिंग शॉट के साथ 10,000 टेस्ट रन पूरे कर लिए. स्मिथ ने अपने 205वें टेस्ट पारी में श्रीलंकाई लेफ्ट-आर्म स्पिनर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर मिड-ऑन की दिशा में एक रन लेकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. वे सबसे तेज 10,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बने. इसके साथ ही वे 10,000 से ज्यादा रन बनाने वाले 15वें बल्लेबाज भी बन गए हैं. 

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में, स्मिथ से तेज यह उपलब्धि केवल पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने हासिल की थी, जिन्होंने सिर्फ 196 पारियों में 10,000 रन बनाए थे. वहीं, सचिन तेंदुलकर, ब्रायन लारा और कुमार संगकारा ने यह उपलब्धि सबसे कम 195 पारियों में हासिल की थी, जो अब तक का सबसे तेज रिकॉर्ड है. स्टीव स्मिथ ने राहुल द्रविड़ के 206 पारियों में 10,000 रन बनाने के रिकॉर्ड को एक पारी पहले ही हासिल किया है. स्मिथ ने 115 टेस्ट मैचों की 205 पारियों में दस हजार रन पूरे किए हैं.

सबसे तेज 10,000 टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज (पारियां)

195 पारियांसचिन तेंदुलकर, ब्रायन लारा, कुमार संगकारा
196 पारियांरिकी पोंटिंग
205 पारियांस्टीव स्मिथ
206 पारियां राहुल द्रविड़

स्मिथ का टेस्ट क्रिकेट में दबदबा

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में शायद ही किसी बल्लेबाज ने स्टीव स्मिथ की तरह रनों का अंबार लगाया हो. अपने करियर की शुरुआती 10 पारियों में नंबर 6 से 9 के बीच बल्लेबाजी करने के बाद, 2013 में भारत दौरे पर मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम में वापसी की. मोहाली टेस्ट में पहली बार नंबर 5 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 185 गेंदों में 92 रन बनाए. उन्होंने कुछ शानदार पारियां खेलते हुए 2014 के बाद उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में पूरी तरह अपना दबदबा बना लिया.

टेस्ट क्रिकेट में उनका स्वर्णिम दौर

2014 के नए साल के सिडनी टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ 154 गेंदों पर 115 रन की पारी के साथ स्मिथ ने अपनी शानदार फॉर्म की शुरुआत की. इसके बाद 100 लगातार पारियों में उन्होंने 71.92 की औसत से 6,257 रन बनाए. यह टेस्ट इतिहास में अब तक की सबसे बेहतरीन लय मानी जाती है. 2020 तक उन्होंने 24 शतक जड़े और 2024 के आखिरी हफ्ते में उन्होंने भारत के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ही अपना 34 वां शतक पूरा किया.  

स्मिथ की खासियत हमेशा से पहली पारी में शतक जड़कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाना रही है. इस महीने की शुरुआत में सिडनी टेस्ट के दौरान वे अपने 10,000वें रन से मात्र 1 रन दूर रह गए थे और 9,999 पर आउट होने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने थे. सिडनी टेस्ट में स्मिथ को 38 रन बनाने थे, लेकिन वे 37 रन ही बना पाए थे. प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें दोनों पारियों में आउट किया था. बहरहाल, स्टीव स्मिथ के इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर ऑस्ट्रेलियाई फैंस और क्रिकेट प्रेमी बेहद उत्साहित हैं. उन्होंने खुद को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास के महानतम टेस्ट बल्लेबाजों में शामिल कर लिया है.

‘मैसेज का रिप्लाई मत करो, दोबारा नहीं आएंगे’, फीमेल कंटेट क्रिएटर्स को पाकिस्तानी क्रिकेटर का अजीब जवाब

भारतीय क्रिकेटर बनने के लिए क्या करना पड़ेगा? मासूम के सवाल पर विराट कोहली का जवाब, Video

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >