क्रिकेट में नेट रन रेट का कैसे कैलकुलेट करते हैं? जानें गणित

Net Run rate in Cricket: क्रिकेट मैच में नेट रन रेट यानी NRR का रोल बहुत अहम होता है. जब प्वाइंट्स टेबल में दो टीमें बराबर होती हैं, तब यही फैसला करता है कि आगे कौन जाएगा. जानिए NRR निकालने का आसान फॉर्मूला और इसके नियम, जो मैच का रिजल्ट बदल सकते हैं.

Net Run rate in Cricket: क्रिकेट के खेल में हार और जीत के अलावा एक ऐसा नियम भी है जो टीमों के लिए बेहद जरूरी होता है. जब किसी क्रिकेट टूर्नामेंट में दो या उससे ज्यादा टीमों के अंक (Points) बराबर हो जाते हैं, तो दोनों में से कौन आगे जाएगा, इसका फैसला इसी नेट रन रेट (Net Run Rate) से होता है. यह नियम 1992 के वर्ल्ड कप से शुरू हुआ था और आज टी20 और वनडे क्रिकेट में इसका रोल सबसे अहम है. नेट रन रेट किसी भी टूर्नामेंट में टीम की असली ताकत और कमजोरी को उजागर करता है. आइए जानते हैं कि यह कैसे काम करता है.

आखिर क्या है नेट रन रेट

नेट रन रेट का सीधा मतलब है अपनी रन बनाने की गति और सामने वाली टीम की रन बनाने की गति का अंतर. यह बताता है कि एक टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपने विरोधियों के मुकाबले कैसा प्रदर्शन किया है. अगर आपकी टीम ने विपक्षी टीम से ज्यादा तेजी से रन बनाए हैं, तो आपका नेट रन रेट पॉजिटिव (+) यानी प्लस में होगा. अगर आपने रन धीरे बनाए और विपक्षी टीम ने आपके खिलाफ तेजी से रन बनाए, तो यह नेगेटिव (-) यानी माइनस में चला जाएगा. यह सिर्फ सीमित ओवरों के खेल के लिए है.

कैसे निकाला जाता है NRR

इसे निकालने का फॉर्मूला गणित के हिसाब से बहुत सरल है. इसे कैलकुलेट करने के लिए दो चीजों का ध्यान रखना होता है. पहला, आपकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में कितने ओवर खेले और कुल कितने रन बनाए. दूसरा, आपकी टीम ने कितने ओवर गेंदबाजी की और कितने रन खर्च किए. 

इसका फॉर्मूला है: (टीम का रन रेट) – (विपक्षी टीम का रन रेट) = नेट रन रेट

इसको समझने के लिए एक उदाहरण लेते हैं टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हुए एक मैच का  श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला होता है. मान लीजिए ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 181 रन बनाए. उनका रन रेट हुआ 9.05 (181 को 20 से भाग देने पर). जवाब में श्रीलंका 18 ओवर में 184 रन बना ली. श्रीलंका का रन रेट हुआ 10.22. अब ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट निकालने के लिए उनके रन रेट (9.05) में से श्रीलंका का रन रेट (10.22) घटाना होगा. 9.05 – 10.22 = -1.17 यानी इस मैच में ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट -1.17 हुआ.

अगर टीम ऑलआउट हो जाए तो क्या होगा

नेट रन रेट का यह नियम बहुत पक्का है. अगर कोई टीम 50 ओवर के मैच में 30 ओवर में ही ऑलआउट हो जाती है, तो रन रेट निकालते समय 30 ओवर नहीं बल्कि पूरे 50 ओवर गिने जाएंगे. ऐसा इसलिए किया जाता है क्योंकि टीम अपने पूरे ओवर खेलने में नाकाम रही. इससे टीम का रन रेट तेजी से गिरता है और NRR खराब हो जाता है. वहीं, जो टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत जाती है, उसके लिए सिर्फ खेले गए ओवर ही गिने जाते हैं.

बारिश होने पर कैसे होता है फैसला

क्रिकेट में बारिश अक्सर मैच का मजा किरकिरा करती है. अगर मैच के दौरान बारिश आ जाए और डकवर्थ लुइस (DLS) नियम लागू हो, तो नेट रन रेट की गणना पुराने लक्ष्य पर नहीं होती. ऐसे में बदले हुए लक्ष्य और ओवरों की संख्या के हिसाब से ही रन रेट निकाला जाता है. अगर मैच पूरी तरह रद्द हो जाए या उसका कोई नतीजा न निकले, तो उस मैच का नेट रन रेट नहीं जोड़ा जाता.

नेट रन रेट के फायदे और नुकसान

इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि टूर्नामेंट में रैंकिंग तय करना आसान हो जाता है. जो टीम आक्रामक खेलती है और बड़े अंतर से जीतती है, उसे इसका फायदा मिलता है. यह अंक तालिका (Points Table) में टाई-ब्रेकर का काम करता है. हालांकि, इसका एक नुकसान यह है कि कई बार यह सिर्फ आंकड़ों का खेल बन जाता है. मान लीजिए एक टीम बहुत अच्छा खेली लेकिन आखिरी ओवरों में कुछ ज्यादा रन दे दिए, तो जीत के बावजूद उनका NRR थोड़ा कम हो सकता है. फिर भी, फिलहाल क्रिकेट में इसे ही सबसे सटीक पैमाना माना जाता है.

ये भी पढ़ें-

T20 WC से अफगानिस्तान का पत्ता साफ, न्यूजीलैंड ने कनाडा को दी शिकस्त

कनाडा के ‘युवराज’ का धमाका, न्यूजीलैंड के खिलाफ सेंचुरी जड़ रैना को पीछे छोड़ा

शमी ने 8 विकेट लेकर खटखटाया टीम इंडिया का दरवाजा, सेमीफाइनल में बरपाया कहर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya kumar varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >