क्या सूर्या और कुलदीप के बीच सब ठीक हो गया? होटल से शेयर किया नया वीडियो, जानें सच

Ind vs Pak: T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को 61 रनों से धूल चटाने के बाद सोशल मीडिया पर सूर्या और कुलदीप के झगड़े की खबरें उड़ने लगीं. आखिर मैदान पर छूटे कैच के बाद क्या हुआ? अब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खुद एक रील शेयर कर टीम के बीच की अनबन पर पूरी सच्चाई सामने ला दी है.

Ind vs Pak: भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में टीम इंडिया ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी. यह टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर भारत की 8वीं जीत थी, जिससे टीम इंडिया अब सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है. लेकिन इस शानदार जीत के बीच मैदान पर कुछ ऐसा हुआ जिसने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी.

कैच छूटने पर गरमाया माहौल

मैच के दौरान जब पाकिस्तान की टीम लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तब कुलदीप यादव से बाउंड्री पर उस्मान तारिक का एक कैच छूट गया. यह गेंद हार्दिक पंड्या डाल रहे थे. कैच छूटते ही कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या काफी गुस्से में नजर आए. पाकिस्तान का आखिरी विकेट गिरने के बाद भी मैदान पर सूर्या, हार्दिक और कुलदीप के बीच तीखी बहस और इशारेबाजी कैमरे में कैद हुई. उस वक्त तिलक वर्मा थोड़े परेशान दिखे और रिंकू सिंह मामले को शांत करवाते नजर आए.

अर्शदीप सिंह की जगह प्लेइंग XI में शामिल किया गया था

रिपोर्ट्स के अनुसार, कुलदीप यादव को अर्शदीप सिंह की जगह प्लेइंग XI में शामिल किया गया था क्योंकि पिच स्पिनर्स के लिए मददगार मानी जा रही थी. पहली पारी में गेंद काफी टर्न हो रही थी, लेकिन दूसरी पारी में नमी के कारण गेंद फिसलने लगी और स्पिनर्स को मदद मिलना कम हो गई. हालांकि, कैच छोड़ने के बावजूद कुलदीप ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 3 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 1 विकेट झटका.

सूर्या ने शेयर की ‘पैच-अप’ रील

मैच के बाद जब सोशल मीडिया पर अनबन की खबरें उड़ने लगीं, तो कप्तान सूर्या ने खुद मोर्चा संभाला. 16 फरवरी की शाम को सूर्या ने अपने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की, जिसका कैप्शन था- ‘नाराजगी छोड़ो भाई’. इस वीडियो में सूर्या, कुलदीप को गले लगाते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं. इससे यह साफ हो गया कि मैदान की बहस सिर्फ गेम की इंटेंसिटी की वजह से थी और ड्रेसिंग रूम में सब कुछ एकदम कूल है.

पाकिस्तान पर मंडराया बाहर होने का खतरा

इस हार के बाद पाकिस्तान के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं. अब उन्हें नामीबिया के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मैच हर हाल में जीतना होगा. अगर पाकिस्तान वहां हारता है, तो भारत के साथ यूएसए की टीम सुपर-8 में पहुंच जाएगी. भारतीय टीम अब कोलंबो से रवाना हो चुकी है और उनका अगला मुकाबला नीदरलैंड्स से होगा.

ये भी पढ़ें: ऐसे सुपर 8 में पहुंच सकता है ऑस्ट्रेलिया, जानिए क्या है पूरा गणित

ये भी पढ़ें: पथुम निसांका का शतक, ऑस्ट्रेलिया को हराकर श्रीलंका सुपर 8 में, कंगारुओं की मुश्किलें बढ़ी

यक्षिणी और अप्सरा साधना फैक्ट या हनीट्रैप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >