Highlights
Kapil Dev Gavaskar Support Imran Khan: पांच अलग-अलग देशों के 14 पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से एक बड़ी अपील की है. इन सभी ने मिलकर मांग की है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान इमरान खान (Imran Khan) का जेल में सही तरीके से इलाज कराया जाए.
‘द एज’ ऑस्ट्रेलिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान की खराब होती सेहत को लेकर ये सभी खिलाड़ी गहरी चिंता में है. मंगलवार की दोपहर को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shahbaz Sharif) को इस संबंध में एक चिट्ठी सौंपी गई. खास बात ये है कि इस चिट्ठी को ऑस्ट्रेलिया के पुराने कप्तान ग्रेग चैपल (Greg Chappell) ने तैयार किया है और इसमें भारत के कपिल देव (Kapil Dev) और सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) जैसे लेजेंड्स का समर्थन शामिल है.
गावस्कर और कपिल समेत 14 दिग्गज शामिल
इस चिट्ठी पर दस्तखत करने वालों में भारत के दो महान खिलाड़ी सुनील गावस्कर और कपिल देव शामिल है. इनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के कई बड़े नाम जैसे एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क और किम ह्यूज ने भी इस मुहिम का समर्थन किया है. इंग्लैंड की तरफ से माइक एथर्टन, नासिर हुसैन, माइक ब्रेयरली और डेविड गावर ने आवाज उठाई है. वहीं, वेस्टइंडीज के क्लाइव लॉयड और न्यूजीलैंड के जॉन राइट भी इस लिस्ट में शामिल है. इन सभी का कहना है कि पिछले ढाई साल से इमरान खान जिस तरह की हालत में जेल में बंद है, वो किसी भी इंसान के लिए चिंता का विषय है.
आंखों की रोशनी और जेल के हालात
ग्रेग चैपल ने बताया कि ये अपील उन खबरों के बाद की गई है जिसमें बताया गया था कि रावलपिंडी की अदियाला जेल में इमरान खान की सेहत लगातार गिर रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी दाहिनी आंख की रोशनी लगभग 85 प्रतिशत तक कम हो गई है. कप्तानों ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि हम सभी क्रिकेटर है और खेल भावना यानी ‘फेयर प्ले’ की अहमियत समझते है. ये भावना मैदान की बाउंड्री के परे भी मायने रखती है. इमरान खान एक महान खिलाड़ी और पुराने नेता है, इसलिए उनके साथ वही बर्ताव होना चाहिए जो एक सम्मानजनक व्यक्ति के साथ होता है.
इमरान के सपोर्ट में बोले गावस्कर
पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने इस मामले पर अपनी राय रखते हुए कहा कि इमरान के साथ जो कुछ भी किया जा रहा है, वो बहुत ही भयानक है. उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वो और इमरान सिर्फ मैदान पर विरोधी नहीं थे. उनकी दोस्ती तब से है जब इमरान वस्टरशायर के लिए एक विदेशी खिलाड़ी के तौर पर खेलने की कोशिश कर रहे थे. गावस्कर का मानना है कि दोस्ती और इंसानियत राजनीति से ऊपर होनी चाहिए और ऐसे मुसीबत के वक्त में पुराने साथी को मदद मिलनी चाहिए.
परिवार और डॉक्टर्स से मिलने की मांग
चिट्ठी में पाकिस्तान सरकार से आग्रह किया गया है कि इमरान खान को तुरंत उनकी पसंद के स्पेशलिस्ट से मेडिकल मदद मिलनी चाहिए. साथ ही, अंतरराष्ट्रीय मानकों के हिसाब से उन्हें जेल में रहने की ढंग की सुविधा दी जाए. इसमें उनके परिवार के करीबी सदस्यों से मिलने की इजाजत भी शामिल है. कप्तानों ने लिखा है कि क्रिकेट हमेशा से देशों को जोड़ने का काम करता आया है. हमारा इतिहास गवाह है कि जब खेल खत्म होता है तो दुश्मनी भी खत्म हो जाती है और सिर्फ सम्मान बचता है. इमरान ने अपने करियर में यही सिखाया है.
मौत की कोठरी जैसे हालात
इमरान खान के बेटे सुलेमान ने भी अपने पिता की हालत पर चिंता जताई है. उन्होंने बताया कि उनके पिता को एक बेहद छोटी कोठरी में रखा गया है, जिसे लोग ‘मौत की कोठरी’ कहते है क्योंकि वहां मौत की सजा पाए कैदियों को रखा जाता है. वहां कई बार बिजली काट दी जाती है और उन्हें पढ़ने के लिए किताबें तक नहीं दी जाती. इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी अगस्त 2023 से जेल में है और उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में कुल 31 साल की सजा सुनाई गई है. इससे पहले वसीम अकरम और वकार यूनिस ने भी उनकी आंखों के इलाज के लिए आवाज उठाई थी.
ये भी पढ़ें-
क्रिकेट में नेट रन रेट का कैसे कैलकुलेट करते हैं? जानें गणित
T20 WC से अफगानिस्तान का पत्ता साफ, न्यूजीलैंड ने सुपर 8 में बनाई जगह
शमी ने 8 विकेट लेकर खटखटाया टीम इंडिया का दरवाजा, सेमीफाइनल में बरपाया कहर
