Andrew Strauss Married to Girlfriend: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर एंड्रयू स्ट्रॉस (Andrew Strauss) ने अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू कर दी है. पहली पत्नी रूथ के कैंसर से निधन के करीब सात साल बाद स्ट्रॉस ने दूसरी शादी की है. उन्होंने खुद से 18 साल छोटी गर्लफ्रेंड एंटोनिया लिनियस पीट (Antonia Linnaeus Peet) के साथ नई पारी शुरू की है. यह शादी 17 दिसंबर को साउथ अफ्रीका के ऐतिहासिक शहर फ्रांसहोएक में बेहद निजी समारोह में हुई. इस खास मौके पर परिवार के बेहद करीबी लोग ही मौजूद रहे. स्ट्रॉस के दोनों बेटे भी इस शादी का हिस्सा बने, जिसने इस पल को और भावुक बना दिया.
निजी समारोह में हुई शादी
एंड्रयू स्ट्रॉस और एंटोनिया लिनियस पीट की शादी को पूरी तरह निजी रखा गया था. यह समारोह साउथ अफ्रीका के खूबसूरत और ऐतिहासिक शहर फ्रांसहोएक में आयोजित किया गया. शादी में केवल परिवार के सदस्य और कुछ बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए. किसी तरह की सार्वजनिक घोषणा या मीडिया मौजूदगी नहीं रखी गई. यही वजह रही कि स्ट्रॉस हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में चल रही एशेज सीरीज के दौरान नजर नहीं आए. शादी के दौरान स्ट्रॉस के दोनों बेटे सैमुअल और लुका भी मौजूद थे. बच्चों की मौजूदगी ने इस मौके को परिवार के लिए खास बना दिया.
पहली पत्नी के निधन के बाद मुश्किल दौर
एंड्रयू स्ट्रॉस की पहली पत्नी रूथ का 29 दिसंबर 2018 को लंग कैंसर के कारण निधन हो गया था. रूथ के निधन ने स्ट्रॉस और उनके परिवार को गहरा सदमा दिया. इसके बाद स्ट्रॉस काफी समय तक अकेले रहे और उन्होंने खुद को अपने बच्चों और सामाजिक कार्यों में व्यस्त रखा. वह अक्सर यह कहते रहे कि उस दौर में परिवार का साथ उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना. रूथ की याद में स्ट्रॉस आज भी कई काम कर रहे हैं और उनके जीवन में उनका प्रभाव साफ नजर आता है.
एंटोनिया लिनियस पीट से कैसे हुई मुलाकात?
एंटोनिया लिनियस पीट से एंड्रयू स्ट्रॉस की मुलाकात करीब दो साल पहले एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे धीरे यह रिश्ता दोस्ती से आगे बढ़ गया. पिछले दो साल से दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे थे. एंटोनिया पेशे से आर्ट एडवाइजरी कंपनी की डायरेक्टर हैं. इससे पहले वह पीआर एक्जीक्यूटिव के तौर पर काम कर चुकी हैं. एंटोनिया का पालन पोषण हांगकांग में हुआ है और उन्होंने विल्टशायर के एक प्रतिष्ठित स्कूल से पढ़ाई की है.
क्रिकेट करियर और रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन
एंड्रयू स्ट्रॉस इंग्लैंड क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद ओपनिंग बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. उन्होंने इंग्लैंड के लिए 231 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले और कई ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई. कप्तान के रूप में भी उन्होंने टीम को नई दिशा दी. क्रिकेट से संन्यास के बाद भी स्ट्रॉस खेल और समाज से जुड़े रहे. उन्होंने 2019 में रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन की स्थापना की. यह फाउंडेशन उन परिवारों की मदद करता है जिन्होंने कैंसर के कारण माता पिता को खो दिया है. इसके साथ ही यह उन लोगों में होने वाले फेफड़ों के कैंसर पर रिसर्च के लिए फंड जुटाता है जो स्मोकिंग नहीं करते. (Andrew Strauss Married to Girlfriend Antonia Linnaeus Peet).
ये भी पढ़ें-
Video: माता-पिता को युजवेंद्र चहल ने दिया तोहफा, घर आया नया मेहमान, कुछ इस अंदाज में किया स्वागत
भारतीय क्रिकेटर शार्दुल ठाकुर के घर गूंजी किलकारी, नए साल से पहले मिला खास तोहफा, पहली बार बने पिता
