इंग्‍लैंड-श्रीलंका टेस्‍ट में बना अनोखा रिकॉर्ड, 141 सालों के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

नयी दिल्‍ली : जैक लीच के पांच विकेट की बदौलत इंग्लैंड ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन श्रीलंका को 57 रन से हराकर तीन मैचों की शृंखला में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली. लेकिन इस टेस्‍ट मैच में ऐसा कुछ हुआ जो अब तक टेस्‍ट क्रिकेट के इतिहास में कभी नहीं […]

नयी दिल्‍ली : जैक लीच के पांच विकेट की बदौलत इंग्लैंड ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन श्रीलंका को 57 रन से हराकर तीन मैचों की शृंखला में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली. लेकिन इस टेस्‍ट मैच में ऐसा कुछ हुआ जो अब तक टेस्‍ट क्रिकेट के इतिहास में कभी नहीं हुआ था.

दरअसल इंग्‍लैंड और श्रीलंका के बीच खेले गये दूसरे टेस्‍ट मैच में 40 में से 38 विकेट स्पिनरों ने चटकाये, केवल एक विकेट श्रीलंका के तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल को मिला और एक विकेट रन आउट के रूप में गिरा.

इससे पहले एक टेस्‍ट की चार पारियों में स्पिनरों की ओर से 37 विकेट लेने का रिकॉर्ड था, लेकिन इंग्‍लैंड और श्रीलंका के बीच खेले गये मुकाबले में यह रिकॉर्ड भी टूट गया.

इससे पहले 37 विकेट का रिकॉर्ड भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच 1969 में बना था. जिसमें 40 में से 37 विकेट स्पिनरों की झोली में आये थे. उसी तरह भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच कोलकाता में 1956 में टेस्‍ट मैच खेला गया था, जिसमें 35 विकेट स्पिनरों ने चटकाये थे. इतना ही विकेट स्पिनरों ने भारत और पाकिस्‍तान के बीच 1987 में बेंगलुरु टेस्‍ट मैच में चटकाये थे.

* ऐसा रहा इंग्‍लैंड और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्‍ट का रोमांच

पांचवें दिन इंग्लैंड ने सिर्फ 30 मिनट में श्रीलंका के बाकी तीनों विकेट चटकाकर जीत दर्ज की. बायें हाथ के स्पिनर लीच (83 रन पर पांच विकेट) ने मलिंदा पुष्पकुमार (01) का कैच अपनी ही गेंद पर लपककर श्रीलंका की पारी का अंत किया.

मोईन अली ने लीच का अच्छा साथ निभाते हुए 72 रन देकर चार विकेट हासिल किये. श्रीलंका की टीम 301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम दिन 243 रन पर ढेर हो गई. टीम की ओर से एंजेलो मैथ्यूज (88) और दिमुथ करूणारत्ने (57) ने अर्धशतक जड़े जबकि रोशन सिल्वा (37) और निरोशन डिकवेला (35) ने उपयोगी पारियां खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.

इसे भी पढ़ें…

ENGvsSL : दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 57 रन से हराया, शृंखला पर किया कब्जा

दक्षिण अफ्रीका में 2015-16 में जीत के बाद विदेशी सरजमीं पर यह इंग्लैंड की पहली जीत है. इंग्लैंड ने श्रीलंका को 2001 के बाद पहली बार उसी के घर में हराया है. मैच में ली, मोईन अली और आदिल राशिद की स्पिन तिकड़ी ने 20 में से 19 विकेट चटकाए.

कप्तान जो रूट ने भी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाते हुए दूसरी पारी में 124 रन बनाए. शृंखला का तीसरा और अंतिम टेस्ट 23 नवंबर से कोलंबो में खेला जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >