Brian Lara On Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की खराब सेहत को लेकर अब क्रिकेट जगत से भी आवाजें उठने लगी हैं. वेस्टइंडीज के दिग्गज और पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ने इमरान खान के समर्थन में सामने आते हुए उनके लिए बेहतर और स्वतंत्र मेडिकल केयर की मांग की है. लारा ने कहा कि इमरान जैसे क्रिकेट लीजेंड को इलाज के साथ-साथ वह सम्मान और संवेदनशीलता भी मिलनी चाहिए, जिसके वह हकदार हैं.
जेल में है इमरान खान
इमरान खान इस समय जेल में हैं और पिछले काफी समय से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर परिवार की ओर से चिंता जताई जा रही है. उनके बेटे लगातार बेहतर इलाज और उचित मेडिकल सुविधाओं की मांग कर रहे हैं. हाल ही में पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की मेडिकल जांच और उचित चिकित्सा सुविधा को लेकर निर्देश दिए थे. हालांकि, उन्हें शिफा अस्पताल ले जाने के बजाय सरकारी अस्पताल पीआईएमएस में जांच कराई गई और इसके बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया. इसके बाद इमरान की बहनों और बेटों ने कोर्ट के आदेश का पूरी तरह पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया और उनके निजी डॉक्टर से जांच कराने की मांग की.
ब्रायन लारा ने जताया सम्मान
ब्रायन लारा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इमरान खान के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया. उन्होंने कहा कि मैदान पर दोनों की मुलाकात कुछ ही मौकों पर हुई, लेकिन इमरान के लिए उनके मन में सम्मान पहली मुलाकात से ही था और आज भी कायम है.
लारा ने कहा कि उनके लिए यह समझना मुश्किल है कि जिस खिलाड़ी ने अपने शानदार क्रिकेट करियर के दौरान पूरे देश के लिए उम्मीद, गर्व और प्रेरणा का काम किया, वह आज ऐसी स्थिति में है जहां उसे उचित देखभाल और सम्मान नहीं मिल रहा.
लारा ने आगे कहा कि वह अपने साथी पूर्व कप्तानों के साथ मिलकर इमरान खान के लिए स्वतंत्र और उचित चिकित्सा सुविधा की मांग करते हैं. उनके मुताबिक, यह किसी राजनीतिक पक्ष का समर्थन नहीं, बल्कि एक इंसान और क्रिकेट के दिग्गज के प्रति बुनियादी इंसानियत का मामला है.
ये भी पढ़ें: Sachin Tendulkar: शिक्षक दिवस पर पिता रमेश तेंदुलकर की याद में शुरू की फेलोशिप, युवाओं को मिलेगा आर्थिक सहयोग
22 पूर्व कप्तानों ने भी की थी अपील
इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर यह पहली बार नहीं है जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत की बड़ी हस्तियां सामने आई हैं. हाल ही में 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर इमरान खान को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की थी. यह पत्र फरवरी में 14 पूर्व कप्तानों की ओर से भेजे गए एक पुराने पत्र के बाद लिखा गया. बताया गया कि उस पहले पत्र पर पाकिस्तान सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला था.
इस नए पत्र पर माइकल एथर्टन, एलेन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, एलिस्टर कुक, माइकल गैटिंग, सुनील गावस्कर, कपिल देव, एडम गिलक्रिस्ट, डेविड गोवर, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, अर्जुना रणतुंगा, एंड्रयू स्ट्रॉस, दिलीप वेंगसरकर, स्टीव वॉ और जॉन राइट समेत कई दिग्गजों के हस्ताक्षर थे.
पैट कमिंस ने भी दिया समर्थन
ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने भी इमरान खान को लेकर हो रही अपील का समर्थन किया है. उन्होंने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ग्रेग चैपल के बयान वाला एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि वह पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों की अपील के साथ खड़े हैं.
कमिंस ने उम्मीद जताई कि कोर्ट के आदेश के तहत इमरान खान की मेडिकल जांच पूरी तरह होने दी जाएगी, उनके परिवार को उनसे मिलने दिया जाएगा और उनके साथ वह सम्मानजनक व्यवहार किया जाएगा, जिसके हर इंसान हकदार है.
ये भी पढ़ें: Cricket Brothers: मैदान पर धमाल मचा रही हैं भाइयों की ये जोड़ियां, जानिए कौन-कौन हैं शामिल
