आयुष शेट्टी ने विश्व चैंपियन चीन के शी यू ची को दी मात, पीवी सिंधु भी राउंड-32 में पहुंचीं

2026 BWF विश्व चैंपियनशिप में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी है. युवा आयुष शेट्टी ने विश्व नंबर 1 शी यू ची को हराकर सनसनी फैला दी, जबकि पीवी सिंधु और महिला युगल जोड़ी ने भी आसान जीत दर्ज की.

BWF World C'ships: नई दिल्ली में खेले जा रहे 2026 BWF विश्व चैंपियनशिप में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने सोमवार को दमदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की. युवा शटलर आयुष शेट्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त और मौजूदा विश्व चैंपियन चीन के शी यू ची को मात देकर राउंड-32 में जगह बनाई. वहीं, स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु ने भी सीधे गेम में जीत दर्ज कर अगले दौर का टिकट कटाया. महिला युगल में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने भी आसान जीत के साथ अभियान शुरू किया.

नंबर-1 को दिखाई बाहर की राह

भारत के 21 वर्षीय आयुष शेट्टी ने इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के सामने करियर की सबसे बड़ी जीत में से एक दर्ज की. विश्व रैंकिंग में 22वें स्थान पर काबिज शेट्टी ने पुरुष एकल के राउंड-64 मुकाबले में चीन के शीर्ष वरीय और विश्व नंबर-1 शी यू ची को 21-14, 13-21, 21-19 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया.

शुरुआत से ही बनाया दबाव

शेट्टी ने पहले गेम से ही आक्रामक रुख अपनाया. उनकी तेज स्मैश और नेट पर बेहतरीन खेल ने शी यू ची को लगातार दबाव में रखा. भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआती गेम पर नियंत्रण बनाए रखा और 21-14 से जीत हासिल की. दूसरे गेम में तस्वीर बदल गई. क्रॉस-कोर्ट क्लियर में शेट्टी से कुछ गलतियां हुईं और उनके कई शॉट कोर्ट से बाहर चले गए. इसका फायदा शी यू ची ने उठाया और अपनी लय हासिल करते हुए दूसरा गेम 21-13 से जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया.

देखने को मिली कड़ी टक्कर

निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. ब्रेक तक शेट्टी ने 11-5 की बढ़त बना ली थी, लेकिन विश्व चैंपियन ने वापसी करते हुए अंतर कम कर दिया. दबाव के बावजूद भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य नहीं खोया और 21-19 से गेम अपने नाम कर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली.

Also Read: MSG के चैंपियन बनने के साथ खत्म हुआ द हंड्रेड का छठा सीजन, जानिए कौन रहा टॉप रन स्कोरर और लीडिंग विकेट-टेकर?

सिंधु का भी जीत से आगाज

स्टार भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने भी महिला एकल में अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की. सिंधु ने राउंड-64 मुकाबले में आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेम में 21-7, 21-11 से हराया. घरेलू दर्शकों के सामने खेल रहीं सिंधु ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी. सटीक ड्रॉप शॉट और ताकतवर स्मैश के दम पर उन्होंने नोबल को लगातार दबाव में रखा. आयरिश खिलाड़ी को सिंधु की रफ्तार और आक्रामक खेल का जवाब देने में परेशानी हुई. सिंधु ने पहला गेम आसानी से जीतने के बाद दूसरे गेम में भी अपना दबदबा बनाए रखा. उन्होंने नोबल की वापसी की कोशिशों को नाकाम किया और लगातार दो गेम में जीत दर्ज कर राउंड-32 में जगह बना ली. अगले दौर में उनका सामना मंगलवार को कनाडा की वेन यू झांग से होगा.

ट्रीसा-गायत्री की जोड़ी ने भी दर्ज की आसान जीत

महिला युगल में भारत की ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने भी जीत के साथ शुरुआत की. विश्व रैंकिंग में 39वें स्थान पर मौजूद भारतीय जोड़ी ने स्पेन की पाउला लोपेज और लूसिया रोड्रिगेज को राउंड-64 में 21-9, 21-13 से हराया.ट्रीसा की ताकतवर स्मैश और गायत्री के नेट पर तेज खेल के सामने स्पेनिश जोड़ी ज्यादा देर टिक नहीं सकी. भारतीय जोड़ी ने करीब 30 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया.अब राउंड-32 में ट्रीसा और गायत्री का सामना मंगलवार को अमेरिका की लॉरेन लैम और एलिसन ली की जोड़ी से होगा. घरेलू कोर्ट पर भारतीय खिलाड़ियों के इस शानदार आगाज ने विश्व चैंपियनशिप में देश की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है.

Also Read: आखिर कैसे गॉल में श्रीलंका के खिलाफ सबसे सफल स्पिनर बने मानव सुथार? खुद बताई कामयाबी की वजह


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >