Anjum Chopra On Harmanpreet Kaur: भारत की पूर्व महिला क्रिकेट कप्तान अंजुम चोपड़ा ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर उठ रहे सवालों के बीच बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि कप्तान बदलने से भारतीय महिला टीम की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, क्योंकि फिलहाल टीम के पास किसी भी विभाग में पर्याप्त और मजबूत विकल्प मौजूद नहीं हैं.
मिताली राज ने दिया था सुझाव
हाल ही में भारतीय महिला टीम के प्रदर्शन के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इस बीच पूर्व कप्तान मिताली राज ने सुझाव दिया था कि चयनकर्ताओं को भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को नेतृत्व के लिए तैयार करना चाहिए. उन्होंने शेफाली वर्मा जैसी खिलाड़ी को टी20 टीम की कप्तानी के लिए तैयार करने की बात कही थी.
कप्तानी से हटाना समाधान नहीं
हालांकि, अंजुम चोपड़ा इस सोच से सहमत नहीं हैं. उनका कहना है कि केवल कप्तान बदल देने से टीम का प्रदर्शन अचानक बेहतर नहीं हो जाएगा. अंजुम ने कहा, हम कप्तानी बदलने की बात ही क्यों कर रहे हैं? आप किसी को भी कप्तान बना सकते हैं, लेकिन इससे बाकी 10 खिलाड़ियों का प्रदर्शन अपने आप नहीं बदल जाएगा. अगर हमें ऐसा लगता है कि सिर्फ कप्तान बदलने से सब कुछ ठीक हो जाएगा, तो इसका मतलब है कि हम गलत दिशा में सोच रहे हैं.
मजबूत बैकअप प्लेयर्स की कमी
अंजुम चोपड़ा ने यह भी कहा कि भारतीय महिला टीम के पास फिलहाल किसी भी विभाग में इतने मजबूत बैकअप खिलाड़ी नहीं हैं कि बड़े बदलाव आसानी से किए जा सकें. ऐसे में टीम को स्थिरता के साथ आगे बढ़ने और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ध्यान देने की जरूरत है, न कि केवल कप्तानी बदलने पर.उनके इस बयान के बाद भारतीय महिला टीम में नेतृत्व और भविष्य की रणनीति को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है.
इसे भी पढ़े-ICC World Cup 2027: रैंकिंग से तय होगा सीधा क्वालिफिकेशन, जानें पूरा नियम
