Abhinav Bindra supports student protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को अब खेल जगत से भी समर्थन मिल रहा है. ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने छात्रों के प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि वह खुद को राजनीति से जुड़ा व्यक्ति नहीं मानते, लेकिन कुछ मुद्दे ऐसे होते हैं जो हर नागरिक से जुड़े होते हैं और शिक्षा उनमें से एक है. अभिनव बिंद्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को लेकर अपनी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि किसी भी देश की पहचान सिर्फ उसकी आर्थिक तरक्की या उपलब्धियों से नहीं होती, बल्कि इस बात से भी होती है कि वह अपने युवाओं को आगे बढ़ने के कितने अवसर देता है.
अभिनव बिंद्रा ने पोस्ट में क्या कहा
अभिनव बिंद्रा ने अपने पोस्ट में लिखा कि शिक्षा प्रणाली ऐसी होनी चाहिए जो छात्रों में आत्मविश्वास पैदा करे, उनकी प्रतिभा को पहचान दे और उनमें सीखने की जिज्ञासा को बढ़ावा दे. उनके अनुसार, मजबूत शिक्षा व्यवस्था किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकतों में से एक होती है. उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि अवसर, नवाचार और उम्मीद का रास्ता होनी चाहिए.
संसद मार्च के बाद तेज हुआ आंदोलन
बता दें कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन ने 20 मार्च को संसद मार्च के आह्वान के बाद नया मोड़ लिया था. इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी थी. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की बात सामने आई थी. प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों के घायल होने की खबरें भी सामने आईं. वहीं, सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो को लेकर विवाद बढ़ गया था, जिनमें पुलिसकर्मियों पर महिला छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए. इन घटनाओं के बाद छात्रों के समर्थन में कई आवाजें उठने लगीं.
सेलिब्रिटी भी रख रहे हैं अपनी राय
छात्र आंदोलन को लेकर बॉलीवुड और खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां अपनी राय दे रही हैं. इसी सिलसिले में अभिनव बिंद्रा ने भी अपनी बात रखी है. उन्होंने किसी राजनीतिक दल या किसी एक पक्ष का समर्थन नहीं किया. इसके बजाय उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और युवाओं को आगे बढ़ने के ज्यादा मौके देने की जरूरत पर ध्यान दिलाया.
इसे भी पढ़े- भारत में हो सकता है एशेज टेस्ट मैच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ ने जताई संभावना
