बांग्लादेश सिर्फ आरक्षण की आग में नहीं धधक रहा, ये राजनीतिक कारण भी हैं...

Bangladesh Student Protest : पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश में रजाकारों से मुखबिरी का काम कराया और इनके जरिए बांग्लादेशियों को यातनाएं भी दी थीं. रजाकारों को बांग्लादेश में देशद्रोही के तौर पर देखा जाता है.

Bangladesh Student Protest : 2018 में खत्म की गई आरक्षण व्यवस्‍था बीती 1 जुलाई को बांग्लादेश में वापस लौट आई. इसके बाद बांग्लादेशी युवा सड़कों पर उतर आए. आंदोलन इतना उग्र है कि शेख हसीना की सरकार हिल गई है. देश में कर्फ्यू लगा है. आंदोलन के 20 दिन बाद यानी 21 जुलाई को उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने का आदेश दिया गया. आरक्षण विरोधी आंदोलन में अबतक 151 लोगों की जान जा चुकी है और 1500 से अधिक घायल हैं. शुरुआत में सिर्फ छात्र ही आंदोलन में कूदे थे, पर अब आम आदमी भी इस आंदोलन में शामिल हो गया है. अब जबकि सुप्रीम कोर्ट ने आरक्षण पर हाई कोर्ट के फैसले को पलट दिया है, जिसे आंदोलनकारियों की बड़ी जीत माना जा रहा है, संभव है कि देश में शांति बहाल हो.

आरक्षण विरोधी आंदोलन के दौरान अबतक जो स्थिति रही उसमें बांग्लादेशी पीएम न सिर्फ इस विवाद को सुलझाने में असफल दिखाई दीं, बल्कि उनका बयान- आरक्षण स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों को नहीं, तो क्या रजाकारों के बच्चों को दिया जाएगा? देश में लगी आग में घी डालने का काम कर दिया है. उनके बयान में रजाकारों का जिक्र है. यह वे लोग हैं, जिन्हें बांग्लादेश में देशद्रोही के तौर पर देखा जाता है. असल में जब देश का गठन हुआ, तो अलग देश की मांग करने वालों के अलावा बांग्लादेश को पूर्वी पाकिस्तान ही रहने देने के समर्थक भी थे. तब पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश में रजाकारों से मुखबिरी का काम कराया और इनके जरिए बांग्लादेशियों को यातनाएं भी दी थीं. तब से रजाकारों को बांग्लादेश में देशद्रोही के तौर पर देखा जाता है. अब जब शेख हसीना ने आरक्षण के खिलाफ लड़ रहे आंदोलनकारियों के लिए “रजाकार” शब्द का प्रयोग किया तो वे और भड़क गए, क्योंकि यह उनके अस्तित्व से जुड़ा मामला था.

बांग्लादेश में उभरे इस विवाद के पीछे क्या है वजह? क्यों देश में कर्फ्यू लगाने की नौबत आई. क्यों सरकार और आम लोग आमने-सामने हैं? एक-एक करके समझते हैं… 

आंदोलनकारियों पर बोलते हुए रजाकार शब्द ही क्यों बोलीं शेख हसीना?

असल में बांग्लादेश में एक धारा आज भी है, जो यह मानती है कि बांग्लादेश ने पाकिस्तान से अलग होकर ठीक नहीं किया. इस विचार के आधार पर देश में राजनीति भी होती है. अब, जब शेख हसीना ने आरक्षण के विरोधियों के बारे में बोलते हुए रजाकार शब्द का इस्तेमाल किया है तो इस प्रमुख मसले पर राजनीति भी शुरू हो गई है. इस धारा को मानने वाले भी भड़क गए है. अब लड़ाई महज नौकरियों में आरक्षण के बजाए राजनीतिक भी हो गई है.

क्या है बांग्लादेश में आरक्षण का इतिहास, क्या है 30% आरक्षण विवाद

16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश, पाकिस्तान से अलग होकर स्वतंत्र राष्ट्र बना. विदेशी मामलों के जानकार प्रो सतीश कुमार बताते हैं कि स्वतंत्र राष्ट्र के लिए जिन लोगों ने लड़ाई लड़ी उन्हें और उनके बच्चों को 1972 में सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने की घोषणा की गई. बाद में वहां महिलाओं के लिए 10%, पिछड़े इलाकों के लोगों के लिए 10%, इंडिजिनस को 5% और विकलांगों के लिए 1% सीट आरक्षित कर दी गई. इससे सरकारी नौकरियों की कुल 56% सीट आरक्षित हो गईं.

Also Read : कश्मीरी पंडितों की घर वापसी से जुड़े हैं जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों के तार, जानें अंदरखाने की बात

माइक्रोसाॅफ्ट की क्लाउड सर्विस में आई समस्या महज गलती थी या रैनसमवेयर अटैक का है खतरा? जानें पूरी कहानी

आर्थिक उदारीकरण ने और घटा दीं बांग्लादेश में सरकारी नौकरियां

प्रो सतीश कुमार ने बताया कि बांग्लादेश की सरकार ने जबसे आर्थिक उदारीकरण की नीति अपनाई है वहां सरकारी नौकरियां बहुत सीमित हो गई हैं. इसकी वजह है प्राइवेटाइजेशन. प्राइवेटाइजेशन की वजह से सरकारी नौकरियों में रिक्तियां काफी कम हो गई है, जिससे वहां के युवाओं में गुस्सा है. उन्हें नौकरी चाहिए, लेकिन प्राइवेटाइजेशन और आरक्षण की वजह से उन्हें नौकरी नहीं मिल रही है. 2018 में भी बांग्लादेश में आरक्षण के खिलाफ आंदोलन हुआ था, उस वक्त शेख हसीना ने आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त कर दिया था, लेकिन 2021 में कुछ लोग आरक्षण फिर से लागू करवाने के लिए कोर्ट पहुंचे और तीन साल की सुनवाई के बाद एक जुलाई 2024 को हाईकोर्ट ने आरक्षण को फिर से बहाल कर दिया. इस फैसले के बाद से वहां छात्र सड़कों पर उतरे हैं. हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ 16 जुलाई को अटार्नी जनरल ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की, जिसपर रविवार 21 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने अपना बड़ा फैसला सुना दिया है. कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को खारिज करते हुए बांग्लादेश में सिर्फ सात प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है, जिसमें पांच प्रतिशत स्वतंत्रता सेनानियों के लिए और दो प्रतिशत अन्य श्रेणियों के लिए आरक्षित होंगे.

सबसे बड़ा विवाद स्वतंत्रता सेनानियों की तीसरी पीढ़ी के 30% आरक्षण पर

बांग्लादेश में जो 56% आरक्षण है उसमें से सिर्फ 30% पर ही युवाओं को एतराज है, 26% आरक्षण को वे स्वीकार कर रहे हैं. युवाओं का कहना है कि स्वतंत्रता सेनानी या तो अब रहे नहीं या बहुत बूढ़े हो चुके हैं. उनकी दूसरी पीढ़ी के बाद अब तीसरी पीढ़ी भी आरक्षण का लाभ उठा रही है. आखिर यह कबतक जारी रहेगा?

बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी आंदोलन के पीछे राजनीतिक वजह भी है. चूंकि शेख हसीना खुद स्वतंत्रता सेनानी परिवार से आती हैं. उनके पिता और पहले प्रधानमंत्री शेख मुजीबुर्रमान थे. तख्ता पलट में उनके पिता और 3 भाइयों की हत्या हुई थी, इसलिए वो स्वतंत्रता सेनानियों से साॅफ्ट कार्नर रखती हैं, वहीं विपक्षी खालिदा जिया का स्वतंत्रता सेनानियों से कोई मोह नहीं है. इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि विपक्ष भले ही सामने नहीं आ रहा पर वह आंदोलनकारियों के साथ है.

आज कैसा है बांग्लादेश का समाज

बांग्लादेशी समाज एकदम वैसा ही मुसलमान समाज है, जैसा की भारत का. कहने का मतलब है कि वहां भी मुसलमानों में जाति होती है, जबकि अन्य देशों में मुसलमानों में जाति नहीं होती. यह बताना इसलिए जरूरी है कि आरक्षण का एक हिस्सा जाति आधारित भी है. हालांकि इस वाले हिस्से पर अधिक विवाद नहीं है. बांग्लादेश में करीबन 26% आरक्षण महिलाओं और जाति विशेष पर है. इस पर अधिक विवाद नहीं है.

बांग्लादेश की हिंसा का भारत का क्या होगा असर

भारत और बांग्लादेश के बीच मधुर संबंध है. भारत ने हमेशा बांग्लादेश की मदद की है. जब पाकिस्तान ने पूर्वी पाकिस्तान के लोगों पर अत्याचार किया था, तब भी हजारों लोग यहां शरणार्थी के रूप में आ गए थे, जिन्हें भारत ने शरण दी थी. बांग्लादेश में अगर यही स्थिति रही और हिंसा और बढ़ी तो सुरक्षित स्थानों की तलाश में वहां से शरणार्थी हमारे देश के पूर्वी राज्यों में आएंगे, जिससे समस्याएं बढ़ेंगी. भारत पर आर्थिक बोझ भी बढ़ेगा. चकमा और रोहिंग्या मुसलमान इसके उदाहरण हैं. इस वजह से भारत की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न होता है. इसलिए जरूरी यह है कि भारत अपने स्तर से यह कोशिश करे कि बांग्लादेश में शांति कायम रहे.

Also Read : पॉलिटिकल चौकड़ी : पीएम मोदी ने कहा- राहुल गांधी बालक बुद्धि हैं, इस पर क्‍या कहते हैं 4 राजनीतिक पंडित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rajneesh Anand

रजनीश आनंद प्रभात खबर में सीनियर चीफ कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत है.पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्षों का अनुभव रखती हैं. झारखंड की राजधानी रांची में रहने वाली रजनीश ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की और वर्ष 2000-01 में पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने पहली नौकरी झारखंड जागरण दैनिक अखबार में की. उसके बाद इन्होंने प्रभात खबर, हिंदुस्तान, रांची एक्सप्रेस तथा दैनिक जागरण सहित कई प्रमुख समाचार संस्थानों के लिए रिपोर्टिंग और लेखन किया. प्रिंट मीडिया के दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक और सांध्य संस्करणों में काम करने के बाद वे वर्ष 2012 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. रजनीश आनंद की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, गहन शोध और विश्लेषणात्मक लेखन के लिए है. उनकी रुचि राजनीति, सामाजिक सरोकारों, ग्रामीण विकास, महिला मुद्दों, इतिहास, खेल, जनजातीय समाज और सार्वजनिक नीतियों से जुड़े विषयों में रही है। उन्होंने हमेशा उन मुद्दों को प्राथमिकता दी है जो समाज के हाशिये पर खड़े लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं, लेकिन मुख्यधारा की चर्चा में अपेक्षाकृत कम स्थान पाते हैं. वे कई प्रतिष्ठित पत्रकारिता फेलोशिप से जुड़ी रही हैं. इन्क्लूसिव मीडिया–यूएनडीपी फेलोशिप के तहत उन्होंने झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले में माहवारी स्वच्छता और किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों पर विस्तृत अध्ययन और रिपोर्टिंग की. झारखंड सरकार मीडिया फेलोशिप के दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण, सरकारी योजनाओं के प्रभाव और सामाजिक बदलाव के विभिन्न आयामों पर कार्य किया. इसके अतिरिक्त सेव द चिल्ड्रन फेलोशिप के तहत उन्होंने बच्चों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा और बाल कल्याण से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग की. आदिवासी समाज, विशेषकर मुंडा जनजाति के इतिहास, संस्कृति और समकालीन चुनौतियों पर उनका काम उल्लेखनीय माना जाता है. उन्होंने भूमि, पहचान, परंपरा, सामाजिक बदलाव और आदिवासी समुदायों के अधिकारों से जुड़े विषयों पर व्यापक फील्ड रिपोर्टिंग की है. हाल के वर्षों में उन्होंने झारखंड में ऊर्जा संक्रमण (Energy Transition) और जस्ट ट्रांजिशन की अवधारणा पर भी काम किया है. विशेष रूप से कोयला आधारित अर्थव्यवस्था वाले क्षेत्रों में भविष्य की चुनौतियों, रोजगार, आजीविका और सामाजिक प्रभावों पर उनकी रिपोर्टिंग ने महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए हैं. उनका मानना है कि ऊर्जा परिवर्तन की प्रक्रिया तभी सफल होगी जब उसमें प्रभावित समुदायों की भागीदारी और हितों को केंद्र में रखा जाए.पत्रकारिता उनके लिए केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है. जमीनी रिपोर्टिंग, तथ्यों की पड़ताल और जनसरोकारों को केंद्र में रखकर लिखना उनकी कार्यशैली की विशेषता रही है. इसके अतिरिक्त रजनीश आनंद कहानियां और कविताएं लिखने का शौक भी रखती है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >