Heatwave Alert: देश का आधे से ज्यादा हिस्सा न सिर्फ तेज धूप और लू की चपेट में है, बल्कि तेलंगाना और ओडिशा में हीटवेव से हुई मौतें भी स्थिति की गंभीरता बताने के लिए काफी है. तेलंगाना में लू की चपेट में आने से 16 लोग मारे गये हैं. सबसे ज्यादा मौतें वारंगल जिले में हुई है. पिछले कुछ दिनों से तेलंगाना के 15 जिलों में तापमान 45 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है. तेज गर्मी और लू के कारण ओडिशा में भी 16 मौतों की जानकारी मिली है.
हालांकि बताया जा रहा है कि इनमें से तीन लोगों की मौत हीटस्ट्रोक के कारण हुई है. बाकी मामलों की जांच अभी जारी है. ओडिशा के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. आंध्र प्रदेश में भी तेज गर्मी की वजह से शनिवार को अलग-अलग इलाकों में हीटस्ट्रोक से कुछ लोगों के मारे जाने की बात सामने आयी है. मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री पार पहुंच गया है और शनिवार को दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में बांदा, चंद्रपुर, रायपुर, प्रयागराज जैसे भारत के 37 शहर शामिल थे.
झारखंड के उत्तर पूर्वी क्षेत्र और मध्य भाग में धूप का तेज अपेक्षाकृत कम है, तो राज्य का उत्तर पश्चिमी क्षेत्र जल रहा है और पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार हीट वेव की चपेट में हैं. इसी तरह उत्तर बिहार में कुछ राहत है, लेकिन दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी और हीटवेव से लोग परेशान हैं. देशभर में अधिकतम तापमान तो खैर बढ़ ही रहा है, कई जगहों पर न्यूनतम तापमान भी अपेक्षाकृत तेजी से बढ़ रहा है. आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली, अहमदाबाद, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई और हैदराबाद में देर रात और सुबह भी न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रह रहा है.
विशेषज्ञों के मुताबिक, ज्यादातर इलाकों में दिनभर तापमान अधिकतम बने रहने के कारण रात में तापमान में अपेक्षित कमी नहीं आ पा रही है, क्योंकि धरती की सतह और हवा गरम रहती है. बढ़ते तापमान के कारण बांदा जैसी जगहों में दिन की गतिविधियां सुबह दस बजे के बाद लगभग ठप हो जा रही हैं, तो न्यूनतम तापमान बढ़ने से लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही.
