उत्तराखंड सुरंग हादसा से सबक सीखने की जरूरत

यह संयोग ही था कि त्योहार का समय होने के कारण वहां मात्र 41 लोग ही मौजूद थे, वरना अगर कोई अन्य समय होता तो यह संख्या 300 से 400 हो जाती. इतने ढेर सारे जीवन के फंसने का पूरे तंत्र पर अत्यधिक असर पड़ता.

सिलक्यारा की घटना दो कारणों से अपने आप में ऐतिहासिक बन चुकी है. सर्वाधिक महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट, चारधाम का एक हिस्सा रही सिलक्यारा, में टनल भी एक प्रावधान था. उत्तरकाशी के बड़कोट क्षेत्र में बन रही यह टनल करीब चार किलोमीटर से अधिक लंबी थी. इस टनल के बनने से करीब 25-30 किलोमीटर का वह हिस्सा बच जाना था, जो जंगलों से लगा हुआ था. सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन अचानक 12 तारीख की सुबह इस टनल में ढेर सारे मलबे के गिरने से वहां 41 मजदूर फंस गये. चूंकि इसका घेरा करीब 50 से 60 मीटर था, इसलिए मजदूरों के तत्काल निकलने की संभावनाएं असंभव सी हो गयीं. यह टनल चारधाम का एक हिस्सा तो थी ही, पर क्योंकि इसे पहाड़ के अंदर से निकलना था, तो इसका बनना भी अपने आप में एक बड़ी चुनौती थी. पर उससे भी बड़ी चुनौती तब सामने आ गयी जब इस टनल के अंदर एक बड़े खंड के आने से पूरा टनल ही अवरुद्ध हो गया.

यह संयोग ही था कि त्योहार का समय होने के कारण वहां मात्र 41 लोग ही मौजूद थे, वरना अगर कोई अन्य समय होता तो यह संख्या 300 से 400 हो जाती. इतने ढेर सारे जीवन के फंसने का पूरे तंत्र पर अत्यधिक असर पड़ता. असल में, इस तंत्र में एक बड़ी खामी यह रही कि इसके समानांतर कोई एग्जिट प्लान तैयार नहीं किया गया. जब भी कोई टनल बनता है तो उसके साथ उसके समानांतर, एक पाइप के रूप में एक एग्जिट टनल भी तैयार किया जाता है, ताकि दुर्घटना होने की स्थिति में टनल के अंदर काम कर रहे लोग सुरक्षित रूप से बाहर आ सकें. टनल बनाते समय जिस दूसरी महत्वपूर्ण बात पर ध्यान दिया जाता है, वह यह कि जैसे-जैसे आप टनल के भीतर चलते चले जायेंगे, आप पीछे-पीछे उसको मजबूत करते चले जायेंगे, विशेषकर छत के हिस्से को.

ताकि आने वाले समय में कोई दुर्घटना न हो. यहां एक तरह का कंस्ट्रक्शन फेल्योर रहा. इन दोनों चूकों पर कंपनी पूरी गंभीरता से ध्यान नहीं दे पायी. इकतालीस जीवन, 12 नवंबर से टनल में फंसे थे, जिसने पूरे देश के सामने एक दुविधा खड़ी कर दी थी. दुविधा का बड़ा कारण एक के बाद एक प्रयत्न का असफल होते जाना था. शुरुआत में बुलडोजर आदि से मैनुअल खुदाई की गयी. पर जब इसका कोई खास असर नहीं दिखा, तो तत्काल हैदराबाद और अन्य स्थानों से ऑगर मशीन मंगवायी गयी. साथ ही अमेरिका के विशेषज्ञों को भी वहां लाया गया. सभी अपने कार्य में लगे थे. इन कार्यों को और बल देने के लिए एनडीआरएफ, वाडिया इंस्टिट्यूट समेत देश और दुनियाभर के विशेषज्ञों को वहां इकट्ठा कर दिया गया.

यहां एक सकारात्मक कदम यह उठाया गया कि एक पाइप के जरिये टनल में बिजली, भोजन, पानी की व्यवस्था कर दी गयी, जो बड़ी राहत थी. ऑगर मशीन आने से यह आस बंधी थी कि नौ-दस दिनों में सब मजदूर वापस निकल जायेंगे. मशीन ने अपना काम शुरू भी कर दिया था और करीब 45-46 किलोमीटर तक आगे जा चुकी थी. लेकिन उसका मुहाना टूट गया. इससे एक बड़ा झटका सबको लगा. राहत कार्य में एक के बाद एक असफलता मिलने से घटना की गंभीरता बढ़ती चली जा रही थी और एक असमंजस की स्थिति हर जगह पैदा हो चुकी थी. यहां एक कोण जो बहुत महत्वपूर्ण है, वह यह कि राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बहुत ही संवेदनशीलता और संयम का परिचय दिया और लगातार घटना पर नजर बनाये रखी. वे स्वयं वहां कैंप लगाकर बैठ गये.

उनके साथ ही देश के परिवहन राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह भी वहां डटे रहे. प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक सबने, विशेष रूप से पीड़ितों से एक संपर्क साधकर रखा. संपर्क साधने के दौरान पीड़ितों को न केवल आश्वासन दिया गया, उनके भोजन आदि की व्यवस्था भी की गयी. इससे मजदूर उस साइकोलॉजिकल ट्रॉमा से उबर गये, जो ऐसी घटना के बाद आ जाता है. जब उनसे संपर्क सधा, तो उनके चेहरे पर आशा की एक नयी किरण ने जन्म लिया कि उनकी सुरक्षित वापस के लिए मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, प्रधानमंत्री और एजेंसियां लगातार प्रयास कर रही हैं.

इस सफलता में बड़ी भूमिका रैट माइनिंग टेक्नोलॉजी की भी रही. चूहे जिस तरह से धीरे-धीरे कर मिट्टी खोदते हैं, उसी तरह की खुदाई कर जो हिस्सा धंस गया था उसे बाहर निकाला गया. इसमें आर्मी की भी बड़ी भूमिका रही. अंतत: वह ऐतिहासिक समय आ ही गया जब सभी 41 पीड़ित सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिये गये. घटना ने हमें दो सबक दिये हैं. सरकार ने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि जितने भी टनल इस समय हिमालय में बन रहे हैं, उनकी समीक्षा की जायेगी, विशेषकर सुरक्षा की दृष्टि से. दूसरा सबक देश-दुनिया को भी मिल चुका है कि आने वाले दिनों में कैसे हम सुरक्षित रह सकते हैं. यहां मुख्यमंत्री धामी का व प्रधानमंत्री का भी महत्वपूर्ण योगदान माना जाना चाहिए कि उन्होंने किस तरह से उन लोगों में ऊर्जा का संचार किया और उनको जीवन देने का जो विश्वास था, उसे उनके मन में जगाये रखा.

(ये लेखक के निजी विचार हैं.)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >