अंबाला एयरफोर्स स्टेशन में घुसपैठ की कौन कर रहा था कोशिश ? यूपी का है शख्स, जानें पूरा मामला

उक्त शख्स को पकड़ने के बाद डायल 112 और थाना पंजोखरा को घटना की सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी और थाना पंजोखरा प्रभारी मौके पर पहुंचे. जानें क्या हुआ इसके बाद

भारतीय वायुसेना और हरियाणा पुलिस के अधिकारियों ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है जो अंबाला एयरफोर्स स्टेशन में सीढ़ी के सहारे दीवार फांदने का प्रयास कर रहा था. खबरों की मानें तो एयरफोर्स अधिकारियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है. आपको बता दें कि यह एयरफोर्स स्टेशन अतिसंवेदनशील स्टेशनों में शामिल है जहां पर राफेल लड़ाकू विमान भी तैनात किया गया है. यही वजह है कि यहां पर चौकसी काफी बढ़ाने का काम किया गया है. आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.

दीवार फांद रहा था रामू

पकड़े गये शख्स की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के थाना जमानिया के गांव राजपुर गौरा निवासी आरोपी रामू के रूप में हुई है. थाना पंजोखरा पुलिस ने रामू को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि अंबाला छावनी के गांव धनकौर स्थित एयरफोर्स स्टेशन के पास मंगलवार की मध्य रात्रि को आरोपी एयरफोर्स स्टेशन की दीवार फांदकर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गया. इसके बाद एयरफोर्स सुरक्षाकर्मियों ने शख्स को पकड़ लिया.

मौके पर तुरंत पहुंची पुलिस

उक्त शख्स को पकड़ने के बाद डायल 112 और थाना पंजोखरा को घटना की सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी और थाना पंजोखरा प्रभारी मौके पर पहुंचे. खबरों की मानें तो पुलिस को आरोपी के पास से रस्सी मिली, जिस पर गांठें नजर आ रहीं हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरफोर्स स्टेशन के सुरक्षाकर्मी आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गये. आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की पुलिस अब तैयारी में जुट गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >