Dr Abhishek Anand On World No Tobacco Day: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर डायरेक्टर, नारायणा कैंसर सेंटर एवं पारस एचएमआरआई (मेडिकल ऑन्कोलॉजी) डॉ. अभिषेक आनंद ने लोगों से तंबाकू और धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि तंबाकू केवल एक आदत नहीं, बल्कि धीरे-धीरे शरीर को खत्म करने वाला जहर है. इसके सेवन से मुंह का कैंसर, फेफड़ों की बीमारी, हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
डॉ. अभिषेक आनंद ने कहा कि आज युवाओं में गुटखा, सिगरेट और वेपिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक है. शुरुआत शौक से होती है, लेकिन बाद में यह लत बन जाती है. उन्होंने कहा कि कई मरीज इलाज के दौरान यह स्वीकार करते हैं कि अगर समय रहते तंबाकू छोड़ देते तो गंभीर बीमारी से बच सकते थे.
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों और किशोरों पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि घर और समाज में जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है. यदि परिवार के सदस्य खुद तंबाकू से दूर रहेंगे तो बच्चे भी इससे बचेंगे.
डॉ. आनंद ने कहा कि तंबाकू छोड़ने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और सही सलाह जरूरी है. शुरुआत में कठिनाई होती है, लेकिन कुछ ही समय बाद शरीर में सकारात्मक बदलाव दिखने लगते हैं. उन्होंने लोगों से इस विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर तंबाकू छोड़ने का संकल्प लेने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की.
