CM of Kerala : केरल में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर सस्पेंस अभी कायम है. वीडी सतीशन के पक्ष में जिस तरह से कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया उसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख नेताओं के साथ चर्चा की.
बैठक में केसी वेणुगोपाल और वीडी सतीशन भी हुए शामिल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर हुई बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ, वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला और वी डी सतीशन शामिल हुए. बैठक में कांग्रेस के दोनों पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक तथा प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी भी मौजूद रहे.केरल में कांग्रेस विधायक दल के नेता के चयन के लिए केरल के अपने विधायकों की राय लेने के बाद पार्टी के दोनों पर्यवेक्षकों माकन और वासनिक ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सौंपी थी.
वीडी सतीशन, चेन्निथला और वेणुगोपाल हैं प्रमुख दावेदार
केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए प्रदेश में तीन प्रमुख दावेदार हैं. इनके नाम हैं- वीडी सतीशन, चेन्निथला और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल. केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व में यूडीएफ ने शानदार जीत दर्ज की है और 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. पार्टी की जीत के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री के चयन पर विचार जानने के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षकों मुकुल वासनिक और अजय माकन ने बृहस्पतिवार को पार्टी विधायकों तथा गठबंधन सहयोगियों के साथ बैठक की थी. इस बैठक में पार्टी की परंपरा के अनुसार एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस आलाकमान को विधायक दल के नेता के चयन के लिए अधिकृत किया गया था.
ये भी पढ़ें : केरल में CM फेस को लेकर बढ़ी कांग्रेस की परेशानी, वीडी सतीशन के समर्थक सड़क क्यों पर उतरे?
सिनेमा से सत्ता तक: कैसे विजय थलपति बने तमिलनाडु की राजनीति के नए मास स्टार
