लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश गृह मंत्री अमित शाह ने दिया था. इस बयान पर संसद में जोरदार हंगामा हुआ. सत्ता पक्ष ने राहुल से माफी की मांग की. विवाद के बीच परीक्षा कानून संशोधन विधेयक ध्वनिमत से पास हो गया.
रिजिजू बोले- राहुल गांधी अपने आरोप के सबूत दें
यह पूरा विवाद बुधवार (29 जुलाई) दोपहर लोकसभा में परीक्षा कानून संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान शुरू हुआ. बहस के बीच राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश देने का आरोप लगाया. इसके तुरंत बाद संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू खड़े हो गए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने आरोप के सबूत दें या फिर सदन से माफी मांगें. उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से राहुल की इस टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाने की भी मांग की. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी रिजिजू की मांग का समर्थन किया.
अमित शाह से मुलाकात हुई इन नेताओं की
राहुल गांधी के बयान के बाद लोकसभा में इतना हंगामा हुआ कि दोपहर करीब 1:40 बजे सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी. उस समय राहुल गांधी का भाषण भी पूरा नहीं हो पाया था. इसके बाद रिजिजू ने संसद भवन में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस बैठक में पीयूष गोयल, भाजपा सांसद अनिल बलूनी और पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा भी मौजूद थे.
कांग्रेस नेता भी मिलने पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष से
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, शाह से मुलाकात के बाद रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर औपचारिक विरोध दर्ज कराया. उनके बाहर निकलते ही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी , के.सी. वेणुगोपाल और गौरव गोगोई भी स्पीकर से मिलने पहुंच गए. इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने रिजिजू को दोबारा बुलाया. उनकी मौजूदगी में रिजिजू और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत हुई. इस दौरान विवाद खत्म करने और आगे की स्थिति पर चर्चा की गई.
सूत्रों के मुताबिक, रिजिजू ने दोहराया कि राहुल गांधी को इस आरोप के लिए माफी मांगनी चाहिए कि गोलीबारी गृह मंत्री के इशारे पर हुई थी. उन्होंने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है और ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान नहीं दिए जाने चाहिए.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी बात पूरी करने का मौका मिलना चाहिए. लेकिन रिजिजू ने साफ कर दिया कि जब तक माफी नहीं मांगी जाती, तब तक सदन की कार्यवाही नहीं चल सकती. इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.
कांग्रेस सांसद सदन के वेल में पहुंच गए
दोपहर 3 बजे के बाद जब सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो जितेंद्र सिंह चर्चा का जवाब देने के लिए खड़े हुए. इसी दौरान कांग्रेस सांसद सदन के वेल में पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी. वे राहुल गांधी को अपनी बात पूरी करने का मौका देने की मांग कर रहे थे. हंगामे के बीच जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी के सभी आरोपों का एक-एक कर जवाब दिया. उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को प्रशासनिक प्रक्रिया की जानकारी नहीं है. सिंह ने बताया कि गोली चलाने का आदेश किसी मंत्री की ओर से नहीं, बल्कि केवल मजिस्ट्रेट या उप मंडल मजिस्ट्रेट (SDM) ही दे सकते हैं.
विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया. इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजकर 25 मिनट पर पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई.
