ट्विशा शर्मा मौत मामला: टोपी-चश्मा और मास्क लगाकर सरेंडर करने कोर्ट पहुंचे समर्थ सिंह

Twisha Sharma Case: मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा मौत मामले में उसका फरार आरोपी पति समर्थ सिंह ने शुक्रवार को जबलपुर जिला अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. अपनी पहचान छुपाने के लिए समर्थ ने मास्क और सिर पर टोपी पहन रखी थी.

Twisha Sharma Case: ट्विशा शर्मा के संदिग्ध मौत मामले में फरार चल रहा उसका पति समर्थ सिंह शुक्रवार दोपहर सरेंडर करने जबलपुर जिला पहुंचा. उनके वकील मृगेंद्र सिंह ने बताया कि समर्थ सिंह अदालत परिसर में मौजूद हैं और आत्मसमर्पण की प्रक्रिया के लिए आया है. वकील ने बताया कि अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस लेने के बाद समर्थ ने सरेंडर करने का फैसला किया.

टोपी, मास्क और चश्मा लगाकर कोर्ट पहुंचा समर्थ सिंह

अपने सरेंडर के दौरान समर्थ सिंह ने अपनी पहचान छुपाने की पूरी कोशिश की. उसने अपने चेहरे को मास्क से ढंकने की कोशिश की. सिर पर एक टोपी पहन रखी थी और आंखों पर काला चश्मा लगाया हुआ था. सरेंडर के दौरान जब मीडिया ने उससे सवाल पूछना चाहा तो समर्थ ने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया. इससे पहले फरार रहे समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 30 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की थी. साथ ही उसका पासपोर्ट रद्द कराने की कोशिश में जुटी थी.

ट्विशा के परिजनों ने किया आत्मसमर्पण का विरोध

समर्थ सिंह के कोर्ट पहुंचने की खबर मिलते ही ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा और उनके वकील अनुराग श्रीवास्तव भी जिला न्यायालय पहुंचे. ट्विशा पक्ष के वकील ने समर्थ सिंह के जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण का विरोध किया. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार समर्थ सिंह को भोपाल की अधीनस्थ अदालत या मामले के जांच अधिकारी के सामने आत्मसमर्पण करना चाहिए.

हाईकोर्ट से वापस ली थी अग्रिम जमानत याचिका

इससे पहले समर्थ सिंह ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में दायर अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली थी. उनके वकील जयदीप कौरव ने बताया था कि न्यायमूर्ति अवनींद्र सिंह की एकल पीठ के समक्ष दायर याचिका को वापस लिया गया. समर्थ सिंह के भाई सिद्धार्थ सिंह ने अधीनस्थ अदालत से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद हाईकोर्ट में विविध आपराधिक मामला (MCRC) दायर किया था.

मां गिरि बाला सिंह को मिल चुकी है अग्रिम जमानत

ट्विशा शर्मा मौत मामले में नामजद समर्थ सिंह की मां और पूर्व न्यायाधीश गिरि बाला सिंह को पिछले सप्ताह भोपाल की एक अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है. वह भोपाल उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष भी हैं. हालांकि उनकी जमानत का पीड़ित पक्ष जोरदार विरोध कर रहे हैं. ट्विशा शर्मा के पिता ने सत्र न्यायालय की ओर से दी गई जमानत को हाई कोर्ट में चुनौती दी है. इस मामले में सुनवाई करते हुए अदालत ने नोटिस भी जारी किया है, जिसकी अगली सुनवाई 25 मई को होगी. सुनवाई के दौरान यह तय किया जाएगा कि गिरि बाला सिंह की जमानत रद्द की जाए या नहीं और जमानत देने में क्या कानूनी कमियां रहीं.

12 मई को ससुराल में मृत मिली थी ट्विशा शर्मा

33 साल की मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित अपने ससुराल में फांसी पर लटकी मिली थीं. ट्विशा के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. वहीं, सिंह परिवार का दावा है कि ट्विशा ड्रग्स की आदी थीं. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत समर्थ सिंह और गिरि बाला सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

Also Read: ट्विशा शर्मा की मौत की जांच अब सीबीआई करेगी, भाई ने कहा-निष्पक्ष जांच की उम्मीद जगी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >