Tamil Nadu: तमिलनाडु में उस समय सियासी हलचल तेज हो गई जब AIADMK (अन्नाद्रमुक) के 300 से अधिक नेता और कार्यकर्ता आधिकारिक तौर पर तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (TVK) में शामिल हो गए. शनिवार को यह सदस्यता ग्रहण समारोह चेन्नई के पास पनैयूर स्थित टीवीके मुख्यालय में आयोजित किया गया था. टीवीके में शामिल होने वालों में एआईएडीएमके (AIADMK) के पूर्व मंत्री वेल्लामंडी नटराजन, आनंदन, पूर्व विधायक नटराज, साधन प्रभाकर, अन्ना ट्रेड यूनियन फेडरेशन के राज्य सचिव कमलक्कन्नन, तिरुपथुर शहर सचिव डीटी कुमार समेत 300 से अधिक नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे.
एआईएडीएमके में जनता की सेवा नहीं कर पा रहे थे: राधाकृष्णन
कार्यक्रम के दौरान एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री उडुमलाई राधाकृष्णन ने कहा कि पार्टी में रहते हुए वे अच्छे से जनता की सेवा नहीं कर पा रहे थे. उन्होंने दावा किया कि एआईएडीएमके के भीतर लंबे समय से असंतोष का माहौल था. राधाकृष्णन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के निधन के बाद पार्टी को बड़ा झटका लगा और संगठन में पहले जैसा अनुशासन नहीं रह गया. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में उन्हें एमजी रामचंद्रन (MGR) और जयललिता के आदर्शों की झलक दिखाई देती है, जिसके चलते उन्होंने टीवीके में शामिल होने का फैसला किया.
कई वरिष्ठ नेताओं के टीवीके में आने का दावा
राधाकृष्णन ने दावा किया कि उनके साथ-साथ एआईएडीएमके के कई वरिष्ठ नेता जैसे एनआर शिवपति, कदंबुर राजू, एमसी संपत, पन्नीरसेल्वम, गोविंदासामी और कोलाथुर कृष्णमूर्ति भी टीवीके में शामिल हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई जिला स्तरीय पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता भी टीवीके का दामन थाम सकते हैं. उन्होंने इसे एआईएडीएमके छोड़ने के बाद राहत का क्षण बताया.
विजय के नेतृत्व पर जनता ने जताया भरोसा: सेंगोत्तैयान
समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सेंगोत्तैयान ने कहा कि तमिलनाडु की जनता ने बदलाव के लिए मतदान किया और मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीतिक इतिहास में शायद ही कोई ऐसा आंदोलन रहा हो जिसने गठन के महज दो वर्षों के भीतर इतनी बड़ी सफलता हासिल की हो. सेंगोत्तैयान ने कहा- तमिलनाडु की जनता ने स्वच्छ और पारदर्शी प्रशासन को चुना है. मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व में टीवीके राज्य की राजनीति में नई दिशा दे रही है.
टीवीके सरकार ने भ्रष्टाचार खत्म किया: आधव अर्जुन
लोक निर्माण मंत्री आधव अर्जुन ने दावा किया कि टीवीके सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए पूर्व डीएमके और एआईएडीएमके सरकारों को पीछे छोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली सरकार ने रेत खनन, लोक निर्माण विभाग, सीएमडीए और अन्य विभागों में भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है. आधव अर्जुन ने कहा- मुख्यमंत्री विजय ने भ्रष्टाचार मुक्त तमिलनाडु की नींव रखी है. जनता के हित में प्रशासनिक बदलाव ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है.
एक महीने में एआईएडीएमके के 90% सदस्य टीवीके में होंगे शामिल- आधव अर्जुन
लोक निर्माण मंत्री आधव अर्जुन ने आरोप लगाया कि एआईएडीएमके महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी के राजनीतिक फैसलों के कारण बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता एआईएडीएमके छोड़ रहे हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि टीवीके ने किसी भी विधायक या नेता को लालच देकर पार्टी में शामिल नहीं कराया, बल्कि लोग स्वेच्छा से पार्टी के नेतृत्व और विचारधारा से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं.
Also Read: कॉकरोच जनता पार्टी का ऐलान-आप हमारे सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकते हैं, हमें नहीं
